रामपुर। स्वार-बिलासपुर रोड पर रविवार को एक तेज रफ़्तार मारुति वेन एक पेड़ से टकरा गई, जिससे कार में बैठे एक ही परिवार के 8 लोग बुरी तरह घायल हो गए। जबकि 2 लोगों को जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर विरेन्द्र कुमार ने मृत घोषित कर दिया। हादसा इतना जबरदस्त हुआ कि कार के परखच्चे उड़ गए। बड़ी मशक्कत के बाद कार में बैठे लोगों व महिलाओं को गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया। जहां पर तीन सरकारी और तीन प्राइवेट एम्बुलेंसों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया। साथ ही बताया कि बाकी घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।