
मुरादाबाद में पकड़ा गया तेंदुआ..
Leopard caught in Moradabad: मुरादाबाद के छजलैट थाना क्षेत्र के नक्शनदाबाद गांव में देर रात वन विभाग की टीम ने 14 घंटे की लगातार कांबिंग के बाद एक तेंदुए को सकुशल पकड़ लिया। तेंदुआ शुक्रवार सुबह एक ग्रामीण पर हमला करने के बाद गांव के पास नहर के पाइप में जाकर छिप गया था। सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने दोपहर को पिंजरा लगाया और रातभर कांबिंग करने के बाद तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
शुक्रवार सुबह नक्शनदाबाद निवासी सुरेश के खेत पर काम कर रहे 32 वर्षीय दलवीर पर तेंदुए ने हमला कर दिया था। हमले में गंभीर रूप से घायल दलवीर को कांठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
हमले की सूचना पर वन विभाग की टीम तुरंत हरकत में आई। दोपहर लगभग दो बजे पिंजरा लगाया गया और गांव में कांबिंग शुरू की गई। देर रात करीब ढाई बजे तेंदुआ गांव की नहर के पाइप में छिपा हुआ मिला। मौके पर मौजूद टीम ने रणनीति के तहत पाइप के मुहाने पर पिंजरा लगाकर तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया।
वन क्षेत्राधिकारी (DFO) सूरज ने बताया कि पकड़ा गया तेंदुआ करीब छह वर्ष का है और वह पूरी तरह से स्वस्थ है। लखनऊ से अनुमति मिलने के बाद तेंदुए को नजीबाबाद डिवीजन के माध्यम से उत्तराखंड सीमा से लगे जंगलों में छोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इसी दौरान सीमला गांव निवासी दीपक कुमार ने जानकारी दी कि उन्होंने और उनके साथी चन्द्रपाल ने मिलकर सूकर पालन शुरू किया था। गुरुवार रात को सूकरों को सुरक्षित कमरे में बंद करने के बाद जब वह सुबह वापस पहुंचे, तो वहां खून के निशान और तेंदुए के पंजों के चिन्ह दिखाई दिए। आशंका है कि तेंदुआ सूकर का एक बच्चा उठा ले गया।
तेंदुए की लगातार गतिविधियों ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी है। लोग अब देर शाम घर से बाहर निकलने में डरते हैं और बच्चों के बाहर खेलने पर भी रोक लगा दी गई है। वन विभाग ने बीते 8 दिनों में दो तेंदुओं को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। 2 मई को काठ के साहूपुर स्थित ब्राइटलैंड पब्लिक स्कूल परिसर से सात माह के एक तेंदुए को पकड़ा गया था। अब नक्शनदाबाद से दूसरा तेंदुआ पकड़ा गया है। वहीं, तीसरे तेंदुए को पकड़ने के लिए सिरसा ठाठ गांव में पिंजरा लगाया गया है।
Published on:
11 May 2025 05:14 pm
बड़ी खबरें
View Allमुरादाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
