
मुरादाबाद डबल मर्डर केस..
Double Murder Daughter Arrested: मुरादाबाद जिले के थाना कांठ क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवती ने अपनी ही मां और भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए हैं।
घटना 22 अप्रैल 2026 की रात की है, जब ग्राम भैसली जमालपुर उर्फ गदापुर में एक युवती ने अपने ही परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस मामले में वादी राजीव कुमार की तहरीर पर थाना कांठ में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवती ने अपने भाई को पहले लकड़ी के डंडे से सिर पर वार कर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद जब मां बचाने आई, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। युवती ने पहले अपनी मां की आंखों पर वार किया और फिर लोहे की सरिया से सिर पर कई वार कर उनकी भी हत्या कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 23 अप्रैल को आरोपी युवती अनीता को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा और लोहे की सरिया भी बरामद कर ली है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी युवती ने बताया कि वह लंबे समय से अपने परिवार से परेशान थी। उसने आरोप लगाया कि उसका भाई और मां उसके साथ मारपीट करते थे और उसे बांधकर प्रताड़ित करते थे। घटना वाले दिन भी विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
उसने यह भी बताया कि घटना वाले दिन उसका भाई उसका मोबाइल फोन लेकर बैठ गया था और बार-बार मांगने के बावजूद उसे फोन वापस नहीं दिया गया। इस बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोपी के अनुसार, उसकी मां ने भी उसे जमकर डांटा और मारपीट की, जिससे वह बेहद आहत और गुस्से में आ गई।
आरोपी युवती ने बताया कि लगातार हो रही प्रताड़ना और उसी दिन हुए विवाद ने उसके भीतर गुस्सा और आक्रोश भर दिया था। इसी गुस्से में उसने पहले अपने भाई पर हमला किया और फिर मां पर भी वार कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद जब उसे आसपास लोगों के आने की आहट मिली, तो उसने सरिया और डंडा झाड़ियों में फेंक दिया और मौके से फरार हो गई।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और पारिवारिक रिश्तों में बढ़ते तनाव पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Published on:
23 Apr 2026 07:51 pm
बड़ी खबरें
View Allमुरादाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
