
3 बच्चों के पिता ने 20 साल की लड़की से किया दुराचार, PC- Patrika
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक तीन बच्चों के पिता ने 20 साल की युवती को अपने जाल में फंसा लिया और उसको ब्लैकमेल करने लगा। आरोपी ने पहले खुद लड़की का शोषण किया और इसके बाद वीडियो बनाकर अपने दोस्तों को बांट दिया।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में दर्ज शिकायत के अनुसार, एक विवाहित व्यक्ति पर युवती को अपने प्रभाव में लेकर उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाने और बाद में उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी समेत 11 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता की मां द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, गांव भटावली निवासी इरफान का उनके परिवार में आना-जाना था। आरोप है कि इसी दौरान उसने उनकी बेटी से नजदीकियां बढ़ाईं और उसे अपने जाल में फंसा लिया। महिला का कहना है कि इरफान शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं, लेकिन इसके बावजूद उसने उनकी बेटी के साथ विश्वासघात किया।
परिजनों के मुताबिक, हाल ही में जब युवती को फोन पर बात करते हुए देखा गया और उससे पूछताछ की गई, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ। युवती ने बताया कि आरोपी ने उसका वीडियो बना लिया था और उसी के आधार पर कई वर्षों से उसे धमकाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने वीडियो अपने कुछ परिचितों के साथ साझा कर दिया। इसके बाद वे लोग भी युवती पर दबाव बनाने लगे और कथित तौर पर वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देने लगे। पीड़िता और उसके परिवार ने इसे सुनियोजित ब्लैकमेलिंग का मामला बताया है।
पीड़िता की मां के अनुसार, आरोपी ने युवती को एक कीपैड मोबाइल फोन भी उपलब्ध कराया था, जिसके जरिए वह उससे संपर्क में रहता था। आरोप है कि उसी नंबर पर आरोपी के अन्य साथी भी फोन कर युवती पर दबाव बनाते थे।
परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने इस मामले की शिकायत आरोपी के घर जाकर की, तो वहां मौजूद परिवार के कुछ सदस्यों ने उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें धमकाकर भगा दिया। शिकायत में आरोपी की मां, भाइयों और अन्य परिजनों के नाम भी शामिल किए गए हैं।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पीड़िता पक्ष की तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी इरफान समेत 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
13 Jun 2026 07:41 pm
Published on:
13 Jun 2026 06:25 pm
बड़ी खबरें
View Allमुरादाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
