
23 से 26 मई तक मुरादाबाद में ट्रैफिक डायवर्जन
Ganga Dussehra Traffic Plan: ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर्व 2026 को लेकर मुरादाबाद पुलिस और यातायात विभाग ने बड़ा ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह पर्व 23 मई से शुरू होकर 25 मई 2026 तक चलेगा, जबकि मुख्य स्नान पर्व 24 और 25 मई को गढ़मुक्तेश्वर बृजघाट में आयोजित होगा। पर्व के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मुरादाबाद जनपद में भारी और हल्के मालवाहक वाहनों के लिए विशेष रूट डायवर्जन लागू किया गया है। यह व्यवस्था 23 मई सुबह 8 बजे से 26 मई रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी।
मुरादाबाद से दिल्ली, मेरठ, हापुड़ और गाजियाबाद की ओर जाने वाले भारी और हल्के मालवाहक वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। पुलिस के अनुसार वाहन मुरादाबाद टोल द्वितीय से चंदौसी कट, गागन तिराहा, सम्भल कट अंडरपास, मैनाठेर रोड, सिरसी और सम्भल होते हुए गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। इसके अलावा कुछ वाहनों को बिलारी, चंदौसी, बबराला, नरौरा, डिबाई और बुलंदशहर मार्ग से भी डायवर्ट किया जाएगा। वापसी में भी यही रूट लागू रहेगा।
मुरादाबाद से बिजनौर, मेरठ और मुजफ्फरनगर की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए भी अलग मार्ग निर्धारित किया गया है। ऐसे वाहन टीएमयू अंडरपास, शेरुआ चौराहा, छजलैट और नूरपुर होते हुए बिजनौर की तरफ भेजे जाएंगे। पुलिस का कहना है कि इससे हाईवे पर दबाव कम होगा और श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
रामपुर से चंदौसी होकर दिल्ली, अलीगढ़ और आगरा की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी डायवर्जन लागू रहेगा। शाहबाद और बिलारी से आने वाले वाहन बहजोई और लहरावन कट के रास्ते गंगा एक्सप्रेसवे से होकर आगे जाएंगे। वहीं आगरा और अलीगढ़ की ओर जाने वाले वाहन बहजोई, धनारी, इन्द्रा चौक, बबराला, गुन्नौर और नरौरा पुल मार्ग का उपयोग करेंगे। प्रशासन ने साफ किया है कि सभी वाहनों को इसी वैकल्पिक मार्ग से लौटना होगा।
मुरादाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि पर्व के दौरान अत्यधिक भीड़ या जाम की स्थिति बनती है तो हल्के वाहनों का भी डायवर्जन किया जा सकता है। साथ ही कुछ स्थानों पर अस्थायी रूप से जीरो ट्रैफिक व्यवस्था भी लागू की जा सकती है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
Published on:
23 May 2026 07:24 am
बड़ी खबरें
View Allमुरादाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
