
मुरादाबाद पीएसी में दर्दनाक घटना..
PAC Constable Suicide Case:मुरादाबाद पीएसी परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब नौंवी वाहिनी में तैनात एक सिपाही का शव उसके सरकारी आवास में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान विकास गौतम के रूप में हुई है, जो प्रशिक्षक सिपाही के पद पर तैनात थे और जवानों को ट्रेनिंग देने की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का सामने आ रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, विकास गौतम मूल रूप से मेरठ जिले के किठौर थाना क्षेत्र के भटीपुरा गांव के रहने वाले थे। वह हाल ही में अपनी दो बहनों की शादी कराकर लौटे थे। एक अप्रैल को शादी समारोह संपन्न हुआ था और तीन अप्रैल को वह ड्यूटी पर वापस आ गए थे। परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन कुछ ही दिनों बाद यह दुखद घटना सामने आने से सभी स्तब्ध हैं।
सोमवार सुबह रोज की तरह विकास गौतम प्रशिक्षण मैदान में पहुंचे और प्रशिक्षु सिपाहियों की गणना की। इसके बाद उन्होंने साथियों से कपड़े बदलकर आने की बात कही और अपने आवास की ओर चले गए। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनका आखिरी कदम होगा। कुछ समय बाद जब वह वापस नहीं लौटे, तो साथियों को शक हुआ।
इसी दौरान उनके साथ रहने वाले साथी विपिन कुमार, जो करीब दस दिन की छुट्टी के बाद लौटे थे, जब आवास पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। उन्होंने कई बार आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने आसपास के जवानों को बुलाया और सभी ने मिलकर दरवाजा तोड़ दिया। अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए।
कमरे के अंदर विकास गौतम फंदे से लटके हुए मिले। साथियों ने तुरंत उन्हें नीचे उतारा और अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद सिविल लाइंस पुलिस को करीब 12:40 बजे घटना की जानकारी दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं कोई मानसिक दबाव या अन्य वजह तो इसके पीछे नहीं थी। इस घटना ने पूरे पीएसी परिसर को झकझोर कर रख दिया है और जवानों के बीच शोक की लहर है।
Published on:
06 Apr 2026 07:18 pm
बड़ी खबरें
View Allमुरादाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
