
मुरादाबाद हत्याकांड..
Moradabad Murder News:मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में प्लॉट कब्जे की नीयत से की गई एक सुपारी किलिंग ने पूरे इलाके को दहला दिया। बीते 15 वर्षों से जिस जमीन की रखवाली कर रही महिला चौकीदार नन्हीं, उसी प्लॉट पर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त नन्हीं इफ्तारी के बाद अपने परिवार के साथ झोपड़ी के बाहर बैठी थी। इसी दौरान दो शूटर प्लॉट में घुस आए और बेहद बेरहमी से वारदात को अंजाम देकर फरार होने लगे।
नन्हीं अपने बेटे महबूब, बहू नजराना, पौत्र मोहम्मद आशिक और बेटी गुलशन के साथ प्लॉट के किनारे झोपड़ी बनाकर रहती थीं। सोमवार शाम इफ्तारी के बाद वह चूल्हे के पास बैठी थीं, जबकि बच्चे बाहर खेल रहे थे। तभी दो युवक आए और नन्हीं से पूछा कि इफ्तारी में क्या बनाया है। इससे पहले कि वह कुछ जवाब देतीं, एक शूटर ने उनकी गर्दन पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी। मौके पर ही नन्हीं की मौत हो गई। बच्चों की चीख-पुकार से पूरा इलाका सन्न रह गया।
गोली चलने की आवाज सुनते ही नन्हीं का बेटा महबूब और बेटी गुलशन दौड़ पड़े। दोनों शूटर मौके से भागने लगे। महबूब ने हिम्मत दिखाते हुए पैदल भाग रहे एक आरोपी का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। स्थानीय लोगों ने आरोपी को दबोच लिया, गुस्से में उसकी धुनाई भी हुई। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया, जबकि दूसरा शूटर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि सिविल लाइंस क्षेत्र के जिगर कॉलोनी निवासी अरमान का मझोला थाने के पास समृद्धि विहार से सटा एक प्लॉट है। इसी प्लॉट को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। नन्हीं और उनका परिवार प्लॉट पर रहते थे, जिससे दूसरा पक्ष कब्जा नहीं कर पा रहा था। पुलिस के अनुसार, कब्जे की राह साफ करने के लिए ही महिला चौकीदार की हत्या की साजिश रची गई।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि नन्हीं का किसी से निजी विवाद नहीं था। ऐसे में साफ है कि हत्या प्लॉट कब्जाने की नीयत से कराई गई। शूटरों को इसके लिए सुपारी दी गई थी और हथियार भी उपलब्ध कराए गए। पुलिस का मानना है कि आरोपी खुद पिस्टल खरीदने की स्थिति में नहीं थे, जिससे किसी संगठित साजिश की आशंका और गहरी हो गई है।
पुलिस ने जिस शूटर को पकड़ा है, उसकी पहचान सानिब के रूप में हुई है, जो भोजपुर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार सानिब मुरादाबाद के एक नामचीन इंजीनियरिंग कॉलेज में बीफार्मा का छात्र है। पूछताछ में उसने सीमित जानकारी दी है। पुलिस अब फरार दूसरे शूटर की तलाश में दबिश दे रही है, ताकि सुपारी देने वाले मास्टरमाइंड तक पहुंचा जा सके।
घटना की सूचना मिलते ही मझोला पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, प्लॉट विवाद में शामिल लोगों की भूमिका की भी गहराई से जांच हो रही है।
Updated on:
24 Feb 2026 08:18 am
Published on:
24 Feb 2026 08:17 am
बड़ी खबरें
View Allमुरादाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
