28 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

तेल लगाकर रात में घरों में घुसता था पंखिया गिरोह, मुरादाबाद समेत कई जिलों में मचाया आतंक, पिता-पुत्र समेत 3 गिरफ्तार

Moradabad News: मुरादाबाद में सिविल लाइंस पुलिस ने मुठभेड़ के बाद शाहजहांपुर के कुख्यात पंखिया गिरोह के पिता-पुत्र समेत तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। बदमाश चोरी से पहले शरीर पर तेल लगाकर घरों में घुसते थे और अपने साथ महिलाओं-बच्चों को लेकर चलते थे।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुरादाबाद

•

image

Mohd Danish

•

Updated: 27 Jul 2025, 11:40 AM IST

Moradabad police exposed infamous Pankhiya gang

तेल लगाकर रात में घरों में घुसता था पंखिया गिरोह | Image Source - Social Media

Pankhiya Gang Moradabad: यूपी की मुरादाबाद पुलिस ने गुरुवार देर रात मुठभेड़ के बाद शाहजहांपुर के पंखिया गिरोह के तीन कुख्यात सदस्यों को गिरफ्तार कर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। गिरफ्तार बदमाशों में पिता-पुत्र और एक ऐसा अपराधी शामिल है, जिस पर अकेले 118 मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह चोरी की वारदातों को अंजाम देने से पहले शरीर पर तेल लगाता था ताकि किसी भी संकरी जगह से आसानी से निकल सकें। यह गिरोह चोरी के दौरान अपने साथ परिवार (महिलाओं व बच्चों) को भी लेकर चलता था ताकि पुलिस का शक न हो।

मुठभेड़ में गोली लगी, तीन गिरफ्तार - दो फरार

पुलिस मुठभेड़ में बदमाश मंगल सिंह को पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। उसके साथ उसके बेटे कृष्ण कुमार उर्फ अंडू और तीसरे बदमाश अशोक को भी पुलिस ने दबोच लिया। अशोक के खिलाफ उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कुल 118 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, कृष्ण कुमार पर 21 और मंगल सिंह पर 11 केस दर्ज हैं।

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि दो बदमाश मौके से फायरिंग करते हुए फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कांठ रोड पर अगवानपुर फ्लाईओवर के नीचे कुछ संदिग्ध बैठे हैं। जैसे ही पुलिस पहुंची, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।

11 जगहों पर की चोरी, सराफा दुकान को भी बनाया था निशाना

गिरफ्तार बदमाशों ने पूछताछ में मूंढापांडे, ठाकुरद्वारा, छजलैट, मैनाठेर, सिविल लाइंस और कटघर समेत मुरादाबाद जिले में कुल 11 चोरियों को अंजाम देने की बात कबूली है। पुलिस के मुताबिक बुधवार रात शेरुआ चौराहे के पास एक सराफा दुकान में भी इन्होंने चोरी की कोशिश की थी, लेकिन इलाके में जाग होने के कारण भाग निकले थे। दोबारा उसी दुकान में चोरी करने जा रहे थे तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

बरामद हुआ तमंचा, नकदी और जेवरात

पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों से एक तमंचा, कारतूस, 60,300 रुपये नकद, एक बाइक और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। गिरोह की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम को 10,000 रुपये इनाम देने की घोषणा की गई है।

तेल लगाकर करते थे चोरी, परिवार साथ रहता था

एसपी सिटी ने बताया कि यह गिरोह बेहद शातिर है। यह दिन में गांवों में पिकअप या अन्य गाड़ियों से घूमकर रेकी करता है और रात में चिन्हित घरों में शरीर पर तेल लगाकर चोरी करने पहुंचता है। ये लोग अपने साथ महिलाओं और बच्चों को लेकर चलते हैं और उन्हें रेलवे स्टेशन, बस अड्डों या ढाबों पर छोड़ देते हैं ताकि कोई शक न कर सके।

प्रदेश भर में फैला है नेटवर्क, सुरेश और गिरधान की तलाश जारी

गिरोह के अन्य सदस्य लखीमपुर खीरी जिले के पंसगंवा थाना क्षेत्र के रमपुरा निवासी सुरेश और गिरधान अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस को शक है कि इस गिरोह ने शाहजहांपुर, फैजाबाद, वाराणसी, मऊ, महोबा, पीलीभीत, प्रयागराज, मुरादाबाद समेत कई जिलों में दर्जनों वारदातों को अंजाम दिया है।