
VIDEO: पॉलिथीन के खिलाफ चला अभियान, इस शहर में 38 हजार किलो पॉलिथीन जब्त
मुरादाबाद: शहर के कटघर थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब नगर निगम की टीम ने रिहायशी इलाके में एक अवैध पॉलिथीन फैक्ट्री पकड़ी। एक मकान में चल रही इस फैक्ट्री में बड़ी संख्या में अवैध तरीके से पॉलिथीन का निर्माण किया जा रहा था। नगर निगम की टीम ने मौके से ढाई कुंटल पॉलिथीन बरामद करने के साथ फैक्ट्री सीज कर दी। नगर निगम की टीम ने आसपास चल रही अन्य फैक्ट्रियों पर भी छापेमारी की लेकिन फैक्ट्री संचालक मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
38 हजार किलो जब्त
पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगने के बाद मुरादाबाद जनपद में अब तक 38 हज़ार किलो से ज्यादा पॉलिथीन बरामद की जा चुकी। अवैध पॉलिथीन फैक्ट्री पर लगातार छापेमारी के बाद भी जनपद में अवैध पॉलिथीन फैक्ट्रियों का संचालन जारी है। कटघर थाना क्षेत्र के गोविन्दनगर मोहल्ले में आज नगर निगम और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने पुलिस के साथ छापेमारी कर एक घर में चल रही फैक्ट्री को सीज किया। फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर पॉलिथीन बनाई जा रही थी और ढाई क्विंटल से ज्यादा पॉलिथीन तैयार की जा रही थी।
कई हुए फरार
गोविन्दनगर मोहल्ले में प्रशासन को लंबे समय से अवैध तरीके से पॉलिथीन फैक्ट्री चलाने की जानकारी मिल रही थी। आज भी छापेमारी के बाद आसपास चल रही कई फैक्ट्रियों के संचालक फैक्ट्री बंद कर मौके से फरार हो गए। प्रशासन अब बंद की गई इन फैक्ट्रियों के ताले तोड़कर पॉलिथीन बरामद करने जा रहा है। नगर निगम कर्मियों के मुताबिक अवैध पॉलिथीन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा प्रशासन द्वारा पॉलिथीन सप्लाई करने वाले लोगों की भी जांच की जा रही है। मुरादाबाद जनपद के कई मोहल्लों में लगातार छापेमारी के बाद भी रिहायशी इलाकों में अवैध पॉलिथीन फैक्ट्री संचालित होने की शिकायत लगातार प्रशासन को मिल रही थी।
प्रदूषण विभाग पर सवाल
नगर निगम टीम द्वारा की गई छापेमारी के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। रिहाइशी इलाके में इन फैक्ट्रियों को सील करने की कार्रवाई करने के बजाय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी मूकदर्शक बने रहे। नगर निगम द्वारा अब तक बरामद की गई ज्यादातर पॉलिथीन फैक्ट्री रिहाइशी इलाकों में संचालित होती मिली हैं।
Published on:
03 Jul 2019 08:40 pm
बड़ी खबरें
View Allमुरादाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
