
धड़ मुरादाबाद में सिर मिला 350 KM दूर लखनऊ में..
Moradabad News In Hindi: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। मझोला थाना क्षेत्र में एक मानसिक रूप से कमजोर युवती नई दिल्ली से लखनऊ जा रही एसी एक्सप्रेस (12430) ट्रेन की चपेट में आ गई। इस हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई। उसका सिर धड़ से अलग होकर ट्रेन के इंजन में फंस गया और लगभग 325 किलोमीटर दूर लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन तक पहुंच गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मझोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती के धड़ को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ट्रेन के इंजन में फंसे सिर के बारे में लखनऊ पहुंचने पर चारबाग जीआरपी को जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने सिर को बरामद किया और मुरादाबाद पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान कांशीराम नगर, मझोला निवासी अंशु (28) के रूप में हुई है। अंशु पिछले पांच सालों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और उसका इलाज चल रहा था। वह ई-रिक्शा चालक महीपाल सिंह की बेटी थी। मंगलवार रात वह अचानक घर से निकल गई थी और फिर लौटकर नहीं आई।
बुधवार तड़के सिरकोई भूड़ इलाके में ट्रेन की चपेट में आने से अंशु की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोग भी इकट्ठा हो गए। पुलिस ने हाथ पर बने टैटू के आधार पर मृतका की पहचान की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचने पर लखनऊ जीआरपी ने ट्रेन के इंजन में फंसे सिर को बरामद किया। मुरादाबाद पुलिस से संपर्क के बाद पुष्टि हुई कि यह सिर अंशु का ही है। मझोला थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और सिर की पुष्टि होते ही पुलिस टीम को लखनऊ रवाना कर दिया गया है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और सभी आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
Updated on:
15 May 2025 06:40 pm
Published on:
15 May 2025 06:40 pm
