
Moradabad: बारिश बेहिसाब, बर्बाद हुआ मुरादाबाद, डैम का पानी मचा रहा तबाही
Flood Situation Near Ramganga River Moradabad: पहाड़ी इलाकों में बारिशा के बाद खो बैराज और कालागढ़ डाम से पानी छोड़े जाने की खबर है जिसके कारण रामगंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सोमवार शाम को रामगंगा का जलस्तर 190.13 था जो मंगलवार शाम सात बजे बढ़कर 190.53 हो गया है और रात नौ बजे रामगंगा का जलस्तर 190.58 पर और रात 12 बजे 190.66 पर पहुंच गया था। बुधवार सुबह आठ बजे रामगंगा का जलस्तर खतरे के निशान को पार करके 190.72 पर पहुंच गया है।
बता दें कि खतरे का निशान 190.60 पर है। मंगलवार शाम को ताजपुर की नालों और नालियों से रामगंगा का पानी वापस होने लगा जिससे ताजपुर मार्ग पर पेट्रोल पंप के पीछे तथा जिम वाली गली में जलभराव हो गया है। पाम व्यू बैंक्वेट हाल के पीछे की तरफ बसे मुहल्लों में भी जलभराव देखा गया है। रात करीब दस बजे से ताजपुर की मेन सड़क पर पानी आने लगा था। सुबह तक सड़क पर जलभराव रहा है। बुधवार को लोगों को पानी से निकल कर जाना पड़ा है। मंगलवार रात को जामा मस्जिद पार्क में भी पानी आा गया था जो बुधवार की सुबह और बढ़ गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नालियों से पानी वापस आने के कारण नालियां फुल हो गई हैं। पूर्व पार्षद सलीम वारसी ने बताया कि गली नंबर सात में नाला फुल हो गया है, बाकी गलियों में अभी जलभराव नहीं हुआ है। उन्होंने कहा है कि लोग घबराएं नहीं, बाढ़ को लेकर प्रशासन और पुलिस सतर्क है और पर्याप्त व्यवस्था की गई है। इधर ताजपुर में बाढ़ से घिरे लोग सुरक्षित स्थानों को पलायन करने लगे हैं।
उधर बाढ़ खंड विभाग का मानना है कि रामगंगा का जलस्तर अभी और बढ़ने का अनुमान है। डिलारी ब्लाक में खादर के करीब दो दर्जन गांवों के खेतों में पानी घुस गया है। गांव मलकपुर सेमली के पास संपर्क मार्ग पर बाढ़ का पानी मंगलवार को भी जमा रहा। इसके अलावा गांव महदूद कलमी, हसन घड़ी, मुस्तफापुर, बढेरा, चटकाली, सालम सराय आदि गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। बाढ़ के पानी ने अनेक गांवों में खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया है। किसानों का कहना है कि जल्दी ही पानी की निकासी नहीं हुई तो फसलें बर्बाद हो जाएंगी। कांठ क्षेत्र के साथ मंूढापांडे क्षेत्र के गांवों में जलभराव होने लगा है। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने मीडिया से कहा है कि बाढ़ से निपटने की तैयारी मुकम्मल है। रामगंगा के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। जिले की सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया है।
Published on:
13 Sept 2023 07:27 pm
बड़ी खबरें
View Allमुरादाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
