17 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IMD Alert: यूपी के कई जिलों में 47°C तक पहुंच सकता है तापमान, अगले 72 घंटे बेहद खतरनाक

UP Heatwave: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने 19 से 21 मई तक कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अति उष्ण लहर की चेतावनी दी है।

3 min read
Google source verification
up heatwave orange may imd alert 2026

IMD Alert: यूपी के कई जिलों में 47°C तक पहुंच सकता है तापमान

IMD Alert: उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अब विकराल रूप लेना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ आंचलिक केंद्र ने राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग के अनुसार 19 मई से 21 मई तक प्रदेश के कई हिस्सों में अति उष्ण लहर यानी बेहद खतरनाक लू चल सकती है। इस दौरान दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की संभावना जताई गई है। लगातार चल रही गर्म हवाओं और तेज धूप ने आम लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है।

अगले पांच दिनों में और बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में पछुआ हवाओं का असर लगातार बढ़ रहा है, जिसके कारण अधिकतम तापमान में अगले पांच दिनों के दौरान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। केवल दिन ही नहीं बल्कि रातें भी गर्म रहने वाली हैं। न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि गर्म रातें स्वास्थ्य के लिए ज्यादा खतरनाक साबित हो सकती हैं क्योंकि शरीर को पर्याप्त राहत नहीं मिल पाती।

18 मई से शुरू हुआ लू का असर

18 मई से ही उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लू चलने की शुरुआत हो चुकी है। मुरादाबाद, आगरा, प्रयागराज, कानपुर नगर, झांसी, चित्रकूट, वाराणसी, बांदा, कौशाम्बी, जौनपुर, रायबरेली और सोनभद्र समेत कुल 33 जिलों में गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी जबकि कई शहरों में बाजारों में भी भीड़ सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम रही।

19 मई को रहेगा सबसे खतरनाक दिन

मौसम विभाग के मुताबिक 19 मई से गर्मी का स्तर और ज्यादा खतरनाक हो जाएगा। इस दिन कई जिलों में अति उष्ण लहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आगरा, औरैया, बलिया, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, झांसी, कानपुर देहात, कानपुर नगर, प्रयागराज और वाराणसी समेत कई जिलों में तेज और झुलसा देने वाली लू चलने की संभावना है। वहीं अलीगढ़, अमेठी, एटा, हाथरस, कासगंज और मथुरा जैसे जिलों में भी सामान्य लू लोगों की परेशानी बढ़ाएगी। मौसम विभाग ने दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बेहद जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है।

20 मई को और बढ़ेगा लू का दायरा

20 मई को प्रदेश के और अधिक जिले गर्मी की चपेट में आने वाले हैं। पूर्वांचल, बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में लू का असर बेहद तीव्र रहेगा। आगरा, गाजीपुर, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, ललितपुर और मिर्जापुर जैसे जिलों में भीषण लू की चेतावनी जारी की गई है। वहीं मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, हापुड़ और अमरोहा जैसे पश्चिमी जिलों में भी गर्म हवाएं चलने का अनुमान है। इससे बिजली की मांग बढ़ने और जल संकट गहराने की आशंका भी जताई जा रही है।

21 मई तक जारी रहेगा गर्मी का प्रकोप

21 मई को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम राहत देने के मूड में नहीं दिखाई देगा। आगरा, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, फिरोजाबाद, जालौन, कानपुर नगर, ललितपुर, मथुरा और प्रयागराज जैसे जिलों में अति उष्ण लहर चलने की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा गाजीपुर, रायबरेली, जौनपुर, कन्नौज और सोनभद्र समेत कई जिलों में सामान्य लू का असर रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि यदि पछुआ हवाओं की रफ्तार इसी तरह बनी रही तो गर्मी का असर और गंभीर हो सकता है।

स्वास्थ्य पर पड़ सकता है गंभीर असर

डॉक्टरों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। लगातार गर्म हवाओं के संपर्क में रहने से डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, सिरदर्द, चक्कर और थकावट जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सिर ढकने की सलाह दी गई है।