9 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

UP Rains: यूपी में मौसम ने बदली करवट, अगले 24 घंटे भारी बारिश और तूफानी हवाओं का साया

UP Rains: उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। कई जिलों में अलर्ट जारी है और तापमान में 6 से 8 डिग्री तक गिरावट के आसार हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

3 min read
Google source verification
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में आज गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, 3 दिन बाद बढ़ेगी गर्मी(photo-patrika)

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में आज गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, 3 दिन बाद बढ़ेगी गर्मी(photo-patrika)

UP Rains Alert: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों को चौंका दिया है। अप्रैल के महीने में जहां तेज गर्मी की उम्मीद थी, वहीं अब प्रदेश में अगस्त जैसा माहौल बन गया है। मुरादाबाद मंडल समेत कई जिलों में बुधवार सुबह से लगातार बारिश जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, यह बारिश का सिलसिला मंगलवार से शुरू हुआ है और इसके गुरुवार तक जारी रहने के आसार हैं। इस दौरान तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को अस्थायी राहत तो मिलेगी, लेकिन इसके बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने की भी संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम का मिजाज

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, प्रदेश में यह बदलाव एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से आया है। मंगलवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से शुरू हुआ बारिश और तेज हवाओं का दौर धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में फैल गया है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों का कहना है कि यह सिस्टम पश्चिम से पूर्व की ओर बढ़ते हुए पूरे उत्तर प्रदेश को प्रभावित करेगा। इसके चलते कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं।

इन जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी और इटावा समेत आसपास के जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में अचानक तेज बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना जताई गई है, जिससे फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। किसानों के लिए यह स्थिति बेहद चिंताजनक है क्योंकि इस समय कई फसलें कटाई के लिए तैयार हैं।

60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, इटावा, औरैया, जालौन समेत कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं हरदोई, कन्नौज, कानपुर, मेरठ, गाजियाबाद, बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली और आसपास के क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। तेज हवाओं के चलते पेड़ गिरने, बिजली बाधित होने और यातायात प्रभावित होने की आशंका है।

वज्रपात और मेघगर्जन का खतरा बढ़ा

प्रदेश के कई जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। बांदा, फतेहपुर, सीतापुर, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर समेत कई इलाकों में बिजली गिरने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न जाएं और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।

बेमौसम बारिश से किसानों की बढ़ी परेशानी

असमय हो रही बारिश ने किसानों की चिंताओं को और बढ़ा दिया है। खेतों में खड़ी और कटी हुई फसलों को भारी नुकसान पहुंचने का खतरा है। खासतौर पर गेहूं और दलहन की फसल पर इसका सीधा असर पड़ सकता है। किसान लगातार मौसम की मार झेल रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर भी असर पड़ रहा है।

सरकार ने किसानों को दिया भरोसा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में हो रही लगातार बारिश पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है और किसी भी हालत में उन्हें परेशानी नहीं होने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे खुद फील्ड में जाकर हालात का जायजा लें और फसल नुकसान का आकलन कर समय पर मुआवजा सुनिश्चित करें।

राहत और बचाव के लिए प्रशासन अलर्ट

मुख्यमंत्री ने राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को संयुक्त सर्वे कराकर जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जनहानि, पशुहानि और घायलों को समयबद्ध तरीके से सहायता पहुंचाने के लिए सख्त आदेश दिए गए हैं। प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि आपदा का प्रभाव न्यूनतम रहे और प्रभावित लोगों को जल्द राहत मिल सके।

बड़ी खबरें

View All

मुरादाबाद

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग