
39 तोला सोना, 75 हजार रुपए सहित 13 लाख की चोरी
दिमनी, मुरैना. ग्राम पंचायत दिमनी के तीन घरों से अज्ञात चोर बंदूक, 39 तोला सोना और 75 हजार नगदी सहित करीब तेरह लाख का माल समेट कर ले गए। घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात की है। एक घर में बच्ची के जागने पर चोरों द्वारा चाकू अड़ाकर जाने से मारने की धमकी भी दी गई। एक घर में चोरी का प्रयास भी किया। घटना में दो दिन पूर्व सुमावली में चार घरों से लाखों रुपए का माल समेट ले जाने वाले चड्ढी-गिरोह का शामिल माना जा रहा है। चोरी की रिपोर्ट करने शुक्रवार को सुबह पांच बजे ग्रामीण थाने पहुंचे तो वहां सिर्फ दो पुलिस कर्मचारी मौजूद मिले। सुबह होने पर पुलिस पार्टी मौका मुआयना करने गांव में पीडि़त परिवारों के बीच पहुंची लेकिन कोई क्लू नहीं मिला है।
कहां कैसे दिया चोरी की वारदात को अंजाम
गांव में रिटायर्ड फौजी निरंजन सिंह तोमर के घर छत के रास्ते से चोर अंदर घुस आए। अलमारी, बक्सा व सूटकेश का ताला तोड़कर उसमें रखी बारह बोर बंदूक, बीस राउंड, 25 तोला वजनी सोने के जेवर, बीस साड़ी, एक टंकी व दस हजार रुपए नगद सहित करीब साढ़े आठ लाख रुपए का सामान समेट कर ले गए। इसके अलावा उर्मिला पत्नी स्व. हवलदार सिंह तोमर के घर से सोने की जंजीर डेढ़ तोला, चार चूड़ी तीन तोला, एक कॉलर चार तोला, चार अंगूठी दो तोला, हार आठ आना, दो कान की बाली आठ आना, दो जोड़ी ब्रिजबाला डेढ़ तोला सहित कुल 14 तोला सोना, 25 हजार नगद समेट कर ले गए। यहां चोर रात को साढ़े तीन बजे मैन गेट के ताले तोड़कर निकले तो उर्मिला की नींद खुल गई। लेकिन वह बाहर निकली तब चोर दूर जा चुके थे। इसी तरह सियाराम जाटव के घर भी दो बजे चोर पहुंचे। यहां अलमारी के बगल से उसकी दिव्यांग बच्ची मनीषा (15) सो रही थी। चोरों ने जैसे ही अलमारी का ताला तोड़ा तो मनीषा जाग गई। एक बदमाश ने उसके गले से चाकू लगा दिया और धमकी दी कि आवाज निकाली तो जान से मार देंगे। चोर यहां से सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, चांदी की करधोनी व पांच हजार नगद सहित ४० हजार रुपए का सामान चोरी कर ले गए। चोरों ने अतर सिंह तोमर के घर से भी चोरी का प्रयास किया। यहां भी अलमारी खंगाली लेकिन इस घर में अलमारी में रख रखाव नहीं था इसलिए कुछ नहीं मिला और चोर लौट गए। ग्रामीण सुबह पांच बजे दिमनी थाने पहुंचे तो वहां सिर्फ दो पुलिस कर्मचारी ड्यूटी पर मिले।
सुमावली के बाद अब दिमनी में चड्ढी बनियान गिरोह का आतंक
जिले में चड्डी बनियान गिरोह की दस्तक से लोग भयभीत हैं। इस गिरोह में आधा दर्जन से अधिक बदमाश हैं। दो दिन पूर्व सुमावली में दस्तक दी। यहां चारों घरों में वारदात को अंजाम दिया। एक घर मालिक जाग गया तो उसकी मारपीट कर दी। यहां से लाखों रुपए का माल समेट कर ले गए। अब इस गिरोह ने उसी अंदाज में दिमनी गांव में तीन जगह से चोरी की। यह गिरोह हथियारों से लैस होकर आता है और अगर किसी ने विरोध किया तो हमला करने से भी नहीं चूकते। इनकी वारदात का अंजाम वही था जो सुमावली में था। यह गिरोह जहां भी जाता है एक साथ तीन चार घरों को निशाना बनाता है।
Published on:
10 Aug 2018 09:05 pm
बड़ी खबरें
View Allमुरैना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
