
भीषण गर्मी में पेयजल संकट: प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी में पिछले तीन साल से नहीं हैं पानी की व्यवस्था, रहवासी परेशान
मुरैना. बाबूजी! नगर परिषद ने तीन साल पूर्व बानमोर गांव की पहाड़ी पर 300 से अधिक प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण कराया लेकिन हम लोगों को मूलभूत सुविधाएं देना भूल गए। भीषण गर्मी में रहवासी पेयजल के साथ-साथ बिजली संकट से जूझ रहे हैं। यह पीड़ा है बानमोर में पीएम आवास कॉलोनी के रहवासियों की।
नगर परिषद द्वारा घरों तक पानी पहुंचे, इसके लिए नल कनेक्शन तो करा दिए हैं। लेकिन पानी की टंकी का निर्माण न होने से वह अभी शोपीस बने हुए हैं। आवासीय कॉलोनी में निवासरत लोगों के लिए बिजली की कोई व्यवस्था नहीं है। लोगों ने स्वयं का पैसा खर्च कर 1 किलोमीटर दूर कृषि मंडी में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर से सीधे तार डालकर विद्युत कनेक्शन ले रखे हैं लेकिन मंडी अधिकारियों द्वारा बार-बार तार हटा देने से बिजली की समस्या बनी हुई है।
रहवासी सुरेश प्रजापति, बल्लू खान, मुस्ताक खान, कलावती बाई एवं अंगूरी बाई ने बताया है कि बिजली तथा पानी की गंभीर समस्या के निराकरण की मांग को लेकर मुरैना जिलाधीश तथा नगर परिषद अधिकारियों से कई बार लिखित तथा मौखिक शिकायत कर आंदोलनात्मक कार्यवाही भी कर चुके हैं लेकिन उन्हें झूठे आश्वासन के अलावा अभी तक कुछ नहीं मिला है।
तीन साल हो गए प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी को बसे हुए लेकिन बिजली पानी की कोई व्यवस्था नहीं हैं। सात दिन में एक बार टैंकर आता है, उसी से पानी भरते हैं।
पहले पैसे देकर टैंकर मंगवाते थे। अब नगर परिषद द्वारा सात दिन में एक बार टैंकर पहुंचाया जा रहा है। पूर्व में कलेक्टर, नगर परिषद अधिकारियों को ज्ञापन दिया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
आवासी कॉलोनी में पानी की समस्या से निजात दिलाने के लिए पाइपलाइन बिछा दी है पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। जल्दी ही पानी की टंकी का निर्माण कराकर पानी की समस्या का हल किया जाएगा
Updated on:
19 May 2026 12:39 pm
Published on:
19 May 2026 12:21 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
