24 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुरैना में पुलिस लिखी काली स्कॉर्पियो ने ली दो कोटवारों की जान

मुरैना. थाना अंबाह क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सडक़ हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नेशनल हाईवे क्रमांक 552 पर गांव बरेह- टेकरी के पास पुलिस लिखी काली स्कॉर्पियो ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो कोटवारों की मौके पर ही मौत हो […]

2 min read
Google source verification

मुरैना. थाना अंबाह क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सडक़ हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नेशनल हाईवे क्रमांक 552 पर गांव बरेह- टेकरी के पास पुलिस लिखी काली स्कॉर्पियो ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो कोटवारों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा दोपहर करीब 1 बजे का बताया जा रहा है। आक्रोशित लोगों ने दो घंटे तक हाईवे जाम किया।


मृतकों की पहचान लहर गांव निवासी रंजीत (25) पुत्र श्यामलाल श्रीवास एवं हरिचंद्र (50) पुत्र श्यामलाल माहौर निवासी दिमनी के रूप में हुई है। दोनों अंबाह तहसील में कोटवार पद पर कार्यरत थे। दो कोटवारों की असमय मौत से लहर, दिमनी और अंबाह क्षेत्र में शोक की लहर है। गांवों में मातम पसरा हुआ है, वहीं पुलिस लिखी वाहन की संलिप्तता ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।

परीक्षा ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार दोनों कोटवार अंबाह स्थित शासकीय संदीपनी स्कूल अंबाह में 10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर तैनात थे। ड्यूटी समाप्त कर वे अंबाह से बुलेट मोटरसाइकिल से अपने-अपने गांव लौट रहे थे। तभी दुर्घटना में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

वाहन छोडकऱ फरार हुए आरोपी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कॉर्पियो में चार लोग सवार थे। हादसे के तुरंत बाद तीन आरोपी वाहन छोडकऱ मौके से फरार हो गए, जबकि एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। पकड़े गए युवक ने अपने साथियों के नाम बताए हैं। स्कॉर्पियो में शराब की बोतल और खाने का सामान भी मिला है।

आक्रोशितों ने किया दो जगह चक्काजाम

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक दोपहर एक से तीन बजे तक सडक़ पर चक्काजाम कर दिया। उधर एक कोटवार दिमनी का रहने वाला था तो वहां अलग से डेढ़ से दो बजे तक जाम लगाया। प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश और मांगों पर आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ। परिजनों ने मृतक कोटवारों के परिवार को चार-चार लाख रुपए आर्थिक सहायता और अनुकंपा नियुक्ति की मांग की। प्रशासन की ओर से कोटवार पद पर अनुकंपा नियुक्ति की मांग स्वीकार कर ली गई है। एसडीएम अंबाह रामनिवास सिकरवार ने रेडक्रॉस से 25 हजार रुपए की तत्काल सहायता राशि देने की बात कही है।

पुलिस ने वाहन जब्त किया, आरोपियों की तलाश तेज

एसडीओपी रवि भदौरिया ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।