
मुरैना. जौरा थाना क्षेत्र के डोंगरपुर गांव में अवैध शराब पकड़े जाने के बाद उपजा विवाद अब हिंसक हो गया है। इसी रंजिश के चलते डोंगरपुर से जौरा पहुंचे बदमाशों ने भाजपा नेता व बागचीनी थाने में दर्ज शराब तस्करी के मामले में फरार पांच हजार के इनामी आरोपी रविंद्र सिकरवार के घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाई। वारदात सीसीटीवी में कैद हुई।
यहां बता दें कि दो दिन पूर्व डोंगरपुर गांव में आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब जब्त की थी, आरोपियों को शक था कि उक्त शराब भाजपा नेता रविन्द्र सिंह सिकरवार ने पकड़वाई थी, इसी शक में चंद्रपाल, धारा, राजीव और संजय सहित अन्य आरोपी जौरा पहुंचे। उन्होंने सिकरवार के घर के बाहर दो-तीन राउंड फायर किए। मोहल्ले के लोगों ने कुछ आरोपियों को पकड़ा, लेकिन राइफल, पिस्टल व वाहन छोडकऱ फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से पहचान कर रही है। मौके से तीन रायफल जब्त की गई हैं, जिनको आरोपी छोडकऱ भाग गए थे।
जौरा पुलिस ने फरियादी चंद्रपाल यादव निवासी डोंगरपुर की रिपोर्ट पर आरोपी भाजपा नेता रविन्द्र सिकरवार, राहुल उर्फ मोंटी, अवनीश उर्फ कल्ला व धर्मेन्द्र परमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों ने सरिया से हमला कर फरियादी व उसके भाई को चोट पहुंचाई। वहीं पुलिस ने भाजपा नेता की तरफ से फरियादी रूपेन्द्र पुत्र नरेश सिकरवार निवासी सिकरौदा हाल जौरा की रिपोर्ट पर आरोपी धारा यादव, चंद्रपाल यादव, बंटी यादव, संजय यादव के खिलाफ फायरिंग का मामला दर्ज किया है।
Updated on:
03 May 2026 02:02 pm
Published on:
03 May 2026 02:02 pm
