
प्रजापति समाज ने निकाली राजा दक्ष की शोभायात्रा
मुरैना. सृष्टि निर्माता भगवान ब्रह्मा के मानस पुत्र राजा दक्ष प्रजापति की भव्य शोभायात्रा बुधवार को शहर में धूमधाम से निकाली गई। प्रजापति सभा मुरैना के बैनरतले आयोजित कार्यक्रम के दौरान शोभायात्रा का जगह-जगह आत्मीय स्वागत किया गया। इससे पूर्व प्रजापति समाज के महिला- पुरुष सहित युवा कृषि उपज मंडी में एकत्रित हुए, जहां सबसे पहले महाराज दक्ष प्रजापति, भगवान भोलेनाथ सहित विभिन्न आराध्य देवों की झांकियों की पूजा-अर्चना की गई। तदुपरांत शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गो से होकर गुजरी।
चलित वाहनों में सवार जीवंत झांकियों का जगह-जगह प्रजापति समाज सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के लोगों ने आरती उतारकर स्वागत किया। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में समाज के लोगों ने हिस्सा लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया। शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गो से होती हुई बनखण्डी रोड स्थित गोवर्धन गार्डन में आकर समाप्त हुई, जहां वक्ताओं ने राजा दक्ष प्रजापति के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए समाज के लोगों से उनके सिद्धांतों को अपने जीवन में उतारने का आहवान किया।
झांकियां रहीं आकर्षण का केन्द्र
शोभायात्रा की खास बात यह रही कि इसमें भगवान भोलेनाथ, महाराज दक्ष प्रजापति, भारत माता, भक्त प्रहलाद की गुरू श्री यादे मा.संत गोरा भगत, संत कूवा जी एवं काशी भगत महाराज की आकर्षक एवं भव्य सजीव झांकियां सभी के आकर्षण का केन्द्र रही। शोभायात्रा में आगरा फिरोजाबाद से आए कलाकार राजा दक्ष भगवान भोलेनाथ, भारत माता सहित विभिन्न भगवानों की वेषभूषा में नजर आए।
युवाओं में दिखा जोश
राजा दक्ष प्रजापति की भव्य शोभायात्रा की खास बात यह रही कि वैसे तो इसमें समाज के हर वर्ग के लोगों ने हिस्सेदारी की, लेकिन शोभायात्रा में युवाओं में खासा उत्साह देखा गया। वे नए परिधानों में राजा दक्ष प्रजापति की जय के नारे लगाते दिखे। पूरी शोभायात्रा में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। समाज की महिलाओं एवं युवतियों ने भी कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भागीदारी की।
Published on:
27 Sept 2023 11:45 pm
बड़ी खबरें
View Allमुरैना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
