बानमोर. औद्योगिक क्षेत्र स्थित शीतल ऑर्गेनिक फूड प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में रात को आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने फैक्ट्री परिसर में घुसकर चौकीदारों पर हमला कर उनकी पिटाई की। उन्हें लहूलुहान कर उनकी माउजर तथा 315 बोर की दोनों बंदूकें लूटकर ले गए। आश्चर्य की बात तो यह है कि फरियादी पिछले छह घंटे से थाने में बैठे रहे तब तक पुलिस ने ना तो उनकी एफआइआर दर्ज की और ना ही उनका इलाज कराया और न ही कोई वरिष्ठ अधिकारी घटना का मौका मुआयना करने के लिए फैक्ट्री पहुंचा। फरियादी को भी छह घंटे तक थाने बैठाए रखा गया। परिजन बार-बार कहते रहे कि उनका पहले इलाज करवा दो, उसके बाद जो भी करना है, वह करें। छह घंटे के बाद पुलिस ने लूट व डकैती का मामला दर्ज कर लिया, तब घायलों को उपचार के लिए ले जाया गया।