
मुरैना. एक तरफ पुलिस व प्रशासन के अधिकारी संयुक्त कार्रवाई कर रेत माफिया के खिलाफ कार्रवाई की बात कर रहे हैं वहीं सबलगढ़ अनुविभाग के टेंटरा थाना क्षेत्र में चंबल नदी के घाटों पर बड़े स्तर पर रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन किया जा रहा है। बरोली घाट का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है जिसमें बड़ी संख्या में रेत से भरी ट्रॉली खड़ी हुई है।
वायरल वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि चंबल नदी की पार (किनारा) को जेसीबी मिट्टी एकत्रित करके रास्ता बनाया गया है, जिस पर होकर दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉली चंबल रेत से भरकर निकलते दिखाई दे रहे हैं। टेंटरा थाना पुलिस ने चार दिन पूर्व चंबल नदी के घाटों पर गहरे गड्ढ़े खोदकर वरिष्ठ अधिकारियों को यह दिखाने का प्रयास किया कि यहां अवैध खनन व परिवहन बंद हैं लेकिन वायरल वीडियो हकीकत बयां कर रहा है। इस वीडियो में मिट्टी के ऊंचा टीला बनाकर बाकायदा रोड बना ली गई है। इस रोड से होकर रेत से भरी ट्रॉलियां एक के बाद एक करके निकल रही हैं। इन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रेत ऊपर तक भरा हुआ है।
जिले में चंबल नदी के अन्य घाटों पर भी अवैध खनन हो रहा है, जिसमें सरायछौला थाना क्षेत्र में कुल्हाड़ा, रिठौरा, देवगढ़ में गुढ़ाचंबल, नंदपुरा, चिन्नौंनी में होराबरहा, पोरसा के नगरा, दिमनी के बीलपुर, कुथियाना सहित दो दर्जन ऐसे घाट हैं, जहां बड़े स्तर पर रेत का अवैध उत्खनन हो रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बरोली के अलावा बरोठा और रायडी घाटों पर भी बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन जारी है। केवल बरोली घाट से ही रोजाना 500 ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक दर्जन डंपर रेत निकाली जा रही है।
टेंटरा क्षेत्र में चंबल नदी के घाटों पर रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन की डीएफओ साहब को भी शिकायत मिली है। उन्होंने भी कार्रवाई के लिए बोला है। टीम भेकर कार्रवाई की जाएगी।
एसएस चौहान, एसडीओ, वन विभाग
Updated on:
31 Mar 2026 12:08 am
Published on:
31 Mar 2026 12:08 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
