
मुंबई में कोविड--19 के मरीज बढ़े
Coronavirus in Maharashtra: भारत में एक बार फिर कोरोना वायरस डराने लगा है। महाराष्ट्र, केरल समेत कई राज्यों में कोविड-19 मरीजों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती ही जा रही है। जिस वजह से सरकार से लेकर जनता तक सभी चिंतित है। हालांकि महामारी से निपटने के लिए तमाम कदम उठाये जा रहे है। इस बीच कोरोना की भयावह मार झेल चुके महाराष्ट्र में भी टेंशन बढ़ गई है। फ़िलहाल राज्य में स्थिती पूरी तरह से नियंत्रण में है, लेकिन राज्य के सोलापुर और सांगली जिलों में कोविड-19 के मरीज तेजी से बढ रहे है।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच सोलापुर और सांगली जिले में लोगों के संक्रमित पाए जाने की दर मार्च महीने में सबसे अधिक है। यह दोनों जिले शीर्ष पर हैं। इस महीने सोलापुर में 20.05 प्रतिशत और सांगली में 17.47 प्रतिशत संक्रमण दर रही है। यह भी पढ़े-महाराष्ट्र में कोरोना ने बढ़ाई टेंशन, पुणे-सांगली में बिगड़ रहे हालात, मुंबई में BMC हुई अलर्ट
इन जिलों में बढ़ी संक्रमण की रफ्तार
अधिकारिक बयान के मुताबिक, चार सप्ताह पहले महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण दर 1.05 प्रतिशत थी, लेकिन 22 और 28 मार्च के बीच यह बढ़कर 6.15 प्रतिशत हो गई। इस अवधि में जिन जिलों में संक्रमण की रफ्तार बढ़ी है, उनमें सोलापुर (20.05%), सांगली (17.47%), कोल्हापुर (15.35%), पुणे (12.33%), नासिक (7.84%) और अहमदनगर (7.56%) शामिल हैं। जबकि मुंबई, पुणे, ठाणे, रायगढ़, नासिक और सांगली जैसे जिलों में कोरोना के दैनिक मामलों की संख्या अधिक है।
कोरोना के नए वेरियंट का बढ़ा खतरा
इसके अलावा महाराष्ट्र में अब तक 230 मरीजों के सैंपल में कोविड-19 के नए वेरियंट एक्सबीबी.1.16 की पुष्टि हुई है। जिसमें से अकेले पुणे जिले में इसके 151 मरीज हैं। इसके बाद औरंगाबाद में 24, ठाणे में 23, कोल्हापुर और अहमदनगर में 11-11, अमरावती में 8 और मुंबई, रायगढ़ में एक-एक संक्रमित है। इन 230 मामलों में संक्रमण से एक मरीज की मौत हुई है।
लोग नहीं ले रहे बूस्टर डोज!
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि सरकार द्वारा कई प्रयासों के बाद भी वैक्सीन की बूस्टर डोज लेने वालों की संख्या एक करोड़ भी नहीं पहुंच सकी है। आंकड़े के अनुसार 9 करोड़ 16 लाख 70 हजार 759 लोगों ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली है जबकि 7 करोड़ 66 लाख 25 हजार 98 लोगों ने दूसरी डोज ली है। इसमें से अब तक सिर्फ 96 लाख 56 हजार 664 लोगों ने कोविड-19 रोधी वैक्सीन की बूस्टर डोज ली है।
गौरतलब हो कि साल 2020 और 2021 में महामारी की पहली और दूसरी लहर के दौरान देश के बड़े कोरोना हॉटस्पॉट रहे मुंबई व पुणे में अभी हालात पूरी तरह से नियंत्रण में है। मुंबई में हाल के दिनों में संक्रमितों का आंकड़ा सौ के पार गया है। जबकि अप्रैल 2021 में 24 घंटे के अंतराल में शहर में 11,000 से अधिक कोरोना के मामले सामने आये थे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे संक्रमण से बचने के लिए भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें और मास्क का प्रयोग करें।
Published on:
30 Mar 2023 04:25 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
