
वर्तक नगर प्रोजेक्ट में अटकने के बाद शुरू हुए बुरे दिन
ठाणे. नामचीन बिल्डर संजय भालेराव को पुलिस के आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्लू) ने 53 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने भालेराव के सभी बैंक खातों को सील कर दिया है। साथ ही आरोपी बिल्डर की संपत्तियां जब्त की जा रही हैं।
पुलिस यह कार्रवाई एसडी भालेराव कंस्ट्रक्शन कंपनी के पार्टनर विजय अग्रवाल और अक्षय रुइया की शिकायत पर की है। पुलिस के मुताबिक अग्रवाल ने 22 करोड़ की जालसाजी और 31 करोड़ रुपए न लौटाने पर रुइया ने भालेराव के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
मिली जानकारी अनुसार बिल्डर भालेराव की कंपनी का नाम एसडी भालेराव कंस्ट्रक्शन है। यह कंपनी 20 साल से बिल्डिंग बनाने का काम करती है। पुलिस के मुताबिक वीजेटीआई से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करने के बाद भालेराव ने 1991 में यह कंपनी बनाई थी। आरंभिक दौर में बीपीटी, सिडको, रेलवे के लिए काम करने वाले भालेराव ने साल 1999 में कारोबार बढ़ाने का फैसला किया। बैंक की नौकरी छोड़ कर भालेराव की पत्नी भी कंपनी में पार्टनर बन गईं।
कर्ज का फंदा
वर्तक नगर परियोजना के लिए भालेराव ने सौ करोड़ रुपए का कर्ज लिया। लेकिन प्रोजेक्ट किसी कारण अटक गया। इसके बाद बैंक और कर्जदाता पैसे वापस मांगने लगे। बैंक ऑफ इंडिया ने तो एक बिल्डिंग जब्त कर साढ़े सात करोड़ रुपए वसूल भी कर लिया।
बेच दिए गिरवी फ्लैट
भालेराव ने एक संपत्ति बेच कर दूसरे का कर्ज चुकाने का प्रयास जरूर किया। मगर, वे इसके जाल में खुद ही फंस गए। अग्रवाल ने 22 करोड़ और रुइया ने 31 करोड़ रुपए का निवेश किया था। इसके बदले में कुछ फ्लैट गिरवी रखे गए थे। ब्याज की रकम नहीं मिलने पर अग्रवाल और रुइया ने गिरवी रखे फ्लैट के बारे में जानकारी हासिल की। उन्हें पता चला कि उनके पास गिरवी रखे फ्लैट किसी और को बेच दिए गए हैं। अपने पैसे वसूलने के लिए अग्रवाल और रुइया ने पुलिस के पास शिकायत की है।
कई जगह बिल्डिंग बनाई
मिली जानकारी अनुसार भालेराव की कंपनी ने ठाणे, कुर्ला, अंधेरी, पिंपरी, मुलुंड जैसे इलाकों में कई बिल्डिंगे बनाईं। करीब 32 हाउसिंग प्रोजेक्ट पूरा करने वाले भालेराव की उद्योग में अलग पहचान बन गई। इसके बाद ठाणे के वर्तक नगर स्थित म्हाडा कॉलोनी में कुछ पुरानी इमारतों के पुनर्विकास का काम हाथ में लिया। यहीं से भालेराव के बुरे दिनों की शुरुआत हुई।
Updated on:
03 Jun 2019 05:41 pm
Published on:
03 Jun 2019 05:38 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
