1 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एक कार्ड से होगी मुंबई की यात्रा

बेस्ट, मोनो, मेट्रो और लोकल ट्रेन में यात्रा करने के लिए एक कार्ड बनाने की योजना का प्रस्ताव

2 min read
Google source verification
patrika mumbai

एक कार्ड से होगी मुंबई की यात्रा


पत्रिका न्यूज नेटवर्क/ अरुण लाल

मुंबई. एमआरवीसी ने रेलवे बोर्ड के पास मुंबई यातायात व्यव्यस्था में बेस्ट, मोनो, मेट्रो और लोकल ट्रेन में यात्रा करने के लिए एक कार्ड बनाने की योजना का प्रस्ताव भेजा है। इसके बाद दूसरे चरण में रेलवे के गेटों को मेट्रो की तरह करने की योजना पर एमआरवीसी कार्य कर रहा है। अगर रेलवे बोर्ड इसे मंजूरी देता है तो आने वाले एक वर्ष में आप एक कार्ड की मदद से मुंबई में यात्रा कर सकेंगे। इससे रेलवे के टिकट विंडो का बोझ कम होगा और हर महीने करोड़ों का लाभ होगा। लोगों को लंबी कतारों से निजात मिलेगी और स्टेशन सुरक्षा बेहतर तरीके से सुनिश्चित की जा सकेगी।

रेलवे की तरफ से यात्रा रद्द होन पर वापस होंगे पैसे
गौरतलब है कि लंबे समय से एक कार्ड से मुंबई के सभी यातायात साधनों में यात्रा हो ऐसी मांग हो रही थी। इसे देखते हुए एमआरवीसी ने एक कार्ड बनाया है। इसके तहत इस कार्ड के खरीदने के बाद लोग इसमें रीचार्ज करते हुए सभी साधनों का उपयोग कर सकेंगे। एमआरवीसी के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हमने प्रस्ताव रेलवे बोर्ड के पास भेज दिया है। इसके तहत हम लोगों को कई तरह की नई सुविधाएं भी दे सकते हैं। इसमें रेलवे की तरफ़ से यात्रा रद्द होने पर लोगों को पैसे वापस लौटाने की व्यवस्था करेंगे।

रेलवे के हर माह बचेंगे 12 करोड़
एक कार्ड से यात्रा करने की योजना से रेलवे के हर माह लगभग 12 करोड़ रूपए बचेंगे। बता दें कि वर्तमान में सेंट्रल और वेस्टर्न रेलवे में लगभग 80 लाख लोग यात्रा करते हैं। इसमें से लगभग 22 लाख लोग रोज टिकट खरीदते हैं। इनके लिए सेंट्रल वेस्टर्न के 119 रेलवे स्टेशनों पर कुल 300 बुकिंग खिड़कियां है। इन खिड़कियों पर 18 सौ लोग कार्य करते हैं। इस सुविधा के शुरू होने पर रेलवे का यह स्टॉफ दूसरे कार्यों में लग जाएगा। इससे रेलवे को हर महीने लगभग 12 करोड़ रुपए की बचत होगी। इसके साथ ही कागज की बड़े पैमाने पर बचत होगी। टिकट विंडो का स्थान भी खाली होगा।

मेट्रो की तरह होंगे लोकल में गेट
इस कार्य के दूसरे चरण में रेलवे सभी लोकल स्टेशनों के गेटों को मेट्रो की तरह करने की तैयारी में है। इससे टिकट को लेकर होने वाली सारी समस्याएं समाप्त हो जाएंगी। वही व्यक्ति स्टेशन पर जा सकेगा जिसके पास टिकट होगा।

बढ़ा, घटा सकेंगे किराया
एमआरवीसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पत्रिका से बात करते हुए बताया कि हमने इस व्यवस्था में ऐसी तैयारी की है कि अगर रेलवे चाहे तो एक ही दिन में अलग, अलग किराया रखा जा सकेगा। जैसे कि आने वाले दिनों में रेलवे चाहे कि दोपहर में यात्रियों के किराए में छूट दी जाए और पीक आवर में किराया ज्यादा रहे तो इस कार्ड के माध्यम से उसे किया जा सकेगा।