
आज मुंबई में अलर्ट
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मुंबई. मौसम विभाग ने 19-20 सितंबर के लिए मुंबई सहित आसपास के इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम पर नजर रखने वाली निजी संस्था स्काइमेट का कहना है कि मानसून अक्टूबर के पहले सप्ताह तक मुंबई में बना रहेगा। इसका अर्थ है कि सितंबर तक मुंबईकरों को बारिश से राहत नहीं मिलेगी। दक्षिण-पश्चिमी मानसून लौटने की प्रक्रिया में है।
स्काइमेट के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि बुधवार को ज्यादा बारिश हो सकती है। गुरुवार और शुक्रवार को मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में भारी बरसात की संभावना है। क्योंकि, बुधवार दोपहर के बाद उत्तर मध्य महाराष्ट्र में एक सायक्लोनिक सर्कुलेशन बनता दिख रहा है। यह धीरे-धीरे पश्चिम की तरफ जाएगा। इसके चलते मुंबई, ठाणे और डहाणू में अच्छी बारिश हो सकती है।
पलावत ने कहा कि सितंबर के अंत तक मानसून राजस्थान से वापस लौटेगा। इसके बाद एक सप्ताह के भीतर मुंबई सहित देश भर से मानसून वापस जाने की संभावनाएं बनती दिख रहीं हैं। मुंबई मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आने वाले दो तीन दिनों में मुंबई में अच्छी बारिश हो सकती है।
Published on:
19 Sept 2019 07:00 am
