
Baba Siddique Murder Case : महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार की एनसीपी के दिवंगत नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड को लेकर अब एक नई जानकारी सामने आई है। बाबा सिद्दीकी की हत्या के एक चश्मदीद को धमकीभरा फोन आया है। पुलिस को शक है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े किसी शख्स ने यह फोन किया था।
12 अक्टूबर को विजयादशमी के दिन बाबा सिद्दीकी की बांद्रा के खेरवाड़ी जंक्शन इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस वक्त बाबा सिद्दीकी के आसपास कई लोग मौजूद थे। पुलिस ने उन चश्मदीदों के बयान दर्ज किये है। ऐसे ही एक गवाह को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी भरा फोन आया है। इस मामले में प्रत्यक्षदर्शी ने खार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में प्रत्यक्षदर्शी को धमकी भरा फोन आया है। उसने 5 करोड़ रुपये की मांग की और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत मिलने के बाद मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है और जांच कर रही है।
मुंबई पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फोन करने वाला कौन है। बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद न सिर्फ सलमान खान बल्कि बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को भी जान से मारने की धमकी मिल चुकी है।
गौरतलब हो कि पूर्व मंत्री और वरिष्ठ एनसीपी (अजित पवार) नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या 12 अक्टूबर की रात कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के शूटरों ने मुंबई में की। 66 वर्षीय नेता को उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के बांद्रा स्थित ऑफिस के बाहर गोली मारी गई। पुलिस ने वारदात के कुछ ही समय बाद दो शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि उनका संबंध लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से है। इस हत्याकांड में अब तक कुल 14 आरोपियों को मुंबई क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है, अन्य की तलाश जारी है।
Updated on:
6 Nov 2024, 8:17 PM IST
Published on:
6 Nov 2024, 8:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.