
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
महाराष्ट्र में प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को दिए जाने वाले मुआवजे में करोड़ों रुपये का घोटाला करने के आरोप में अकेले जालना जिले में 17 तलाठी और 4 वरिष्ठ लिपिक (क्लर्क) को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारीयों ने बताया कि किसानों के नाम पर जारी मुआवजा राशि में हुए लगभग 35 करोड़ रुपये के घोटाले में जालना जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 और अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। इससे पहले 13 जून को 10 तलाठियों को निलंबित किया गया था, जिससे अब तक इस मामले में कुल 21 सरकारी कर्मचारी निलंबित किए जा चुके हैं।
जिलाधिकारी श्रीकृष्ण पांचाल ने गुरुवार शाम इन 11 अधिकारियों के निलंबन का आदेश जारी किया, जिनमें सात तलाठी यानी ग्रामीण राजस्व अधिकारी और जालना तहसील कार्यालय में कार्यरत चार वरिष्ठ क्लर्क शामिल हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार, यह घोटाला प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को वर्ष 2022 से 2024 के बीच दी जाने वाली मुआवजा राशि में सामने आया है। प्रारंभिक ऑडिट में खुलासा हुआ कि जालना जिले की अम्बड और घनसावंगी तहसीलों में कार्यरत 26 अधिकारियों ने 34.97 करोड़ रुपये की अनियमितताएं की हैं।
बताया जा रहा है कि यह हेराफेरी एक संगठित नेटवर्क के जरिए की गई, जिसमें तलाठी, ग्रामसेवक और कृषि सहायक जैसे अधिकारी शामिल थे। कुछ मामलों में एक-एक अधिकारी पर एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि गबन करने के भी आरोप हैं।
अब इस घोटाले में 35 और तलाठी की भूमिका की जांच शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगे और भी निलंबन व कड़ी कार्रवाई हो सकती है।
इस घोटाले ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं, खासकर तब जब यह घोटाला उन किसानों के हक पर डाका डालने जैसा है, जो प्राकृतिक आपदाओं से पहले ही त्रस्त हैं। प्रशासन ने मामले की गहनता से जांच करने और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
Updated on:
20 Jun 2025 10:00 pm
Published on:
20 Jun 2025 09:59 pm

बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
