23 जनवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Mumbai News : मीरा भायंदर मनपा में भाजपा का परचम

हसनाले महापौर, गहलोत उपमहापौर हिंदी भाषी नगरसेवकों की अनदेखी से समाज में नाराजगी महाविकास आघाडी के तीन और भाजपा का एक नगरसेवक गायब!

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Binod Pandey

Feb 26, 2020

Mumbai News : मीरा भायंदर मनपा में भाजपा का परचम

Mumbai News : मीरा भायंदर मनपा में भाजपा का परचम

मीरा भायंदर. मीरा भायंदर महानगरपालिका के महापौर और उपमहापौर चुनाव में भाजपा ने बाजी मारते हुए महाविकास आघाडी को करारी शिकस्त देकर दोनों पदों पर कब्जा कर लिया। भाजपा की उम्मीदवार ज्योत्सना हसनाले ने 55 वोट पाकर महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवार अनंत शिर्के को 19 मतों से परास्त कर दिया। शिर्के को 36 वोट मिले। उप महापौर चुनाव में भाजपा के हसमुख गहलोत जीते। उन्होंने 56 वोट लाकर कांग्रेस के मर्लिन डिसा को 21 मतों से हराया। मर्लिन को 34 वोट मिले। इससे पहले महापौर पद पर भाजपा के दो उम्मीदवार हसमुख गहलोत और मदन सिंह खड़े थे, लेकिन अंतिम समय में मदन सिंह ने नाम वापस लेकर गहलोत की राह आसान कर दी।


बुधवार को सुबह मनपा कार्यालय में चुनावी प्रक्रिया को शांतिपूर्वक पूरी कराने की तैयारी कर ली गई थी। मनपा सदन में सबसे पहले शिवसेना और कांग्रेस के नगरसेवक पहुंचे, इसके भाजपा के सभी नगरसेवक नारेबाजी करते हुए सदन में दाखिल हुए। साढ़े 11 बजे पीठासीन अधिकारी मिलिंद बोरिकर ने चुनावी प्रक्रिया की शुरुआत की।

बाजी पलटने का था अंदेशा
सुबह मनपा सदन पत्रकार कक्ष में शिवसेना सांसद राजन विचारे, विधायक प्रताप सरनाईक, विधानपरिषद सदस्य रविंद्र फाटक और कांग्रेस के प्रदेश कार्याध्यक्ष मुजफ्फर हुसैन अचानक पहुंच गए, जिसके बाद कयास लगाया जाने लगा कि महाविकास आघाडी का उम्मीदवार महापौर चुनाव में बाजी मार सकता है। पर, ऐसा हुआ नहीं। भाजपा ने महापौर चुनाव में महाविकास आघाडी को करारी शिकस्त दे दी।

भाजपा नगरसेवकों ने शिवसेना को मत दिया
भाजपा के पांच नगरसेवकों ने शिवसेना उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया। विधायक एवं नगरसेविका गीता जैन, मोरस रॉड्रिक्स, अश्विन कसोदरिया, परशुराम म्हात्रे, वैशाली रकवि ने शिवसेना को मतदान कर पार्टी से नाराजगी मोल ले ली है। वहीं कांग्रेस की सारा अकरम भाजपा के विजय राय, शिवसेना की दीप्ती भट्ट, अनीता पाटील मतदान में शाामिल नहीं हुईं, वे सदन नहीं आकर पार्टी से बगावत की। भाजपा के पूर्व विधायक नरेंद्र मेहता पर आरोप लगाने वाली भाजपा नगरसेविका नीला सोंस ने भाजपा उम्मीदवार को मतदान कर सबको आश्चर्य चकित कर दिया। कांग्रेस की वरिष्ठ नगरसेविका महापौर चुनाव में हिस्सा लेने के लिए स्ट्रेचर के सहारे मनपा पहुंच कर एकनिष्ठता की मिसल पेश की। शहर में हिंदी भाषी समाज की संख्या को देखते हुए उपमहापौर पद पर मदन सिंह का चयन नहीं होने से उनके समर्थकों के साथ ही हिंदी भाषी भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी के सुर देखे गए। सूत्रों की माने तो पार्टी के व्हिप को नजरअंदाज करनेवाले नगरसेवकों के खिलाफ पार्टी कार्रवाई करने वाली है, ऐसे में मीरा भायंदर के कुछ वार्डो में उपचुनाव होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।