
मुंबई कोस्टल रोड के शुभारंभ के दौरान की तस्वीर
Mumbai Coastal Road : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ रविवार को मुंबई कोस्टल रोड के उत्तर की ओर जाने वाले कनेक्टिंग आर्च ब्रिज का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम के तहत सीएम फडणवीस ने कोस्टल रोड पर विंटेज कार दौड़ाई, इस दौरान शिंदे उनके बगल की सीट पर बैठे। इस अवसर पर मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा और आशीष शेलार भी मौजूद थे।
76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुंबईवासियों को खुशखबरी मिली है। कोस्टल रोड को बांद्रा-वर्ली सी लिंक से जोड़ने वाले एक और ब्रिज का शुभारंभ हो चुका है। यह ब्रिज उत्तर की ओर जाता है। उत्तर की ओर जाने वाले ब्रिज के न होने पर उत्तर और दक्षिण की ओर जाने वाले वाहनों को दक्षिण की ओर बने ब्रिज पर भेजा जाता था। दक्षिण वाला ब्रिज भी कुछ महीने पहले ही खोला गया था।
उत्तर की ओर जाने वाला ब्रिज 827 मीटर लंबा है, जिसका 699 मीटर हिस्सा समुद्र के ऊपर है। उत्तर की ओर जाने वाला ब्रिज सोमवार (27 जनवरी) से जनता के लिए खोला जाएगा। कोस्टल रोड सुबह सात बजे से आधी रात तक वाहनों की आवाजाही के लिए खुला रहता है।
बता दें कि सीएम फडणवीस ने इस ब्रिज के साथ ही तीन इंटरचेंज का भी उद्घाटन किया, जो वर्ली, प्रभादेवी, लोअर परेल और लोटस जंक्शन जैसे क्षेत्रों में जाने वाले वाहनों के लिए आवाजाही का साधन बनेंगे।
10.58 किमी लंबी मुंबई कोस्टल रोड परियोजना की अनुमानित लागत करीब 14 हजार करोड़ रुपये है। इसका निर्माण अक्टूबर 2018 में शुरू हुआ था। महत्वाकांक्षी मुंबई कोस्टल रोड परियोजना दक्षिण मुंबई से उत्तरी उपनगरों तक तेजी से पहुंच के लिए बनाया जा रहा है। यह नरीमन पॉइंट से दहिसर तक फैला हुआ है। शामल दास गांधी मार्ग से वर्ली-बांद्रा सी लिंक तक 10.58 किमी लंबी सड़क के पहले चरण का लगभग 94 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
Updated on:
26 Jan 2025 05:20 pm
Published on:
26 Jan 2025 05:20 pm
