11 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गड्ढों में मिले डेंगू-मलेरिया के मच्छर तो होगी सख्त कार्रवाई

विधान मंडल का मानसून सत्र विधान परिषद: परियोजना ठेकेदारों को सरकार की चेतावनी
2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Binod Pandey

Jun 20, 2019

patrika mumbai

गड्ढों में मिले डेंगू-मलेरिया के मच्छर तो होगी सख्त कार्रवाई

मुंबई. बुनियादी सुविधाओं के विकास से जुड़ी चालू परियोजनाओं के लिए खोदे गए गड्ढों में डेंगू और मलेरिया के मच्छर मिले तो ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विधान परिषद में पूछे गए सवाल के जवाब में नगर विकास राज्य मंत्री योगेश सागर ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीएमसी, मेट्रो रेल और ठेकेदार हर संभव प्रयास कर रहे हैं कि गड्ढों में पानी न जमा हो। गड्ढे वाली जगहों की न सिर्फ नियमित जांच की जा रही है, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जा रहा कि डेंगू और मलेरिया के लार्वा वहां पर न पलें-बढ़ें। फिर, भी प्रोजेक्ट से जुड़े गड्ढों में डेंगू-मलेरिया के प्रजनन केंद्र पाए गए तो कड़ी कार्रवाई होगी।
उल्लेखनीय है कि देश की आर्थिक राजधानी में मेट्रो रेल का जाल बिछाने के लिए कई जगहों पर काम चल रहा है। प्रोजेक्ट के लिए गड्ढे खोदे जा रहे हैं। हाल में ही दक्षिण मुंबई में मेट्रो रेल के निर्माण स्थल पर गड्ढे में मच्छर के लार्वा पाए गए थे। इसी संदर्भ में विधायकों ने सवाल उठाए थे। सागर इसी का जवाब दे रहे थे।


मेट्रो रेल, बीएमसी, एमएमआरडीए तैयार
नगर विकास राज्य मंत्री ने बताया कि महानगर में कई जगहों पर मेट्रो रेल का काम चल रहा है। मुंबई मेट्रो रेल कॉपोरेशन मच्छरों का प्रजनन रोकने के लिए जरूरी उपाय कर रही है। इसके अलावा बीएमसी और एमएमआरडीए भी निगरानी कर रही हैं। मलेरिया व डेंगू के मरीजों का रोज सर्वेक्षण किया जा रहा है। बीएमसी के अन्य विभागों से समन्वय कर संसर्गजन्य रोगों की रोकथाम के लिए सतर्कता बरती जा रही है।


151 को नोटिस, 14 हजार जुर्माना वसूला
उन्होंने बताया कि अब तक डेंगू मच्छरों के प्रजनन स्थलों के मामले में सोसायटियों और डेवलपर्स सहित 151 लोगों को नोटिस जारी किया गया है और उनसे 14 हजार रुपए जुर्माना भी वसूला गया है। उन्होंने यह भी बताया कि बीएमसी ने निर्माणधीन विधान भवन मेट्रो स्टेशन के पास दो जगहों पर मलेरिया फैलाने वाले मच्छरों के दो प्रजनन केंद्र पाए, जिन्हें नष्ट कर दिया गया।