
बारिश के आगे बेबस: सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम, बदला गया बेस्ट बसों का रूट, डायवर्ट की गईं विमान सेवाएं
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मुंबई. बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश ने कभी नहीं रुकने वाली मायानगरी की रफ्तार एक बार फिर रोक दी। रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से सेंट्रल रेलवे और हॉर्बर लाइन की लोकल सेवा बंद हो गई। वसई-चर्चगेट के बीच वेस्टर्न रेलवे की गाडिय़ां देरी से चलीं। लेकिन, वसई-विरार के बीच ट्रैक डूबने के कारण लोकल सेवा रोक दी गई। जल भराव के चलते सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम रहा। जलभराव को देखते हुए कई जगहों पर बेस्ट बसों का रूट बदला गया। सरकारी और निजी दफ्तरों में कर्मचारियों की उपस्थिति कम रही। मौसम विभाग ने मंगलवार को ही भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था। लोगों को हिदायत दी गई थी कि बहुत जरूरी होने पर ही घर से निकलें।
निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों की जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। पावरलूम नगरी भिवंडी के सैकड़ों घरों में इस साल चौथी बार बारिश का पानी घुस गया। बारिश को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई। मूसलाधार बारिश का असर विमान सेवाओं के परिचालन पर भी पड़ा। कई उड़ानें दूसरे शहरों की ओर डायवर्ट की गईं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान जोरदार बारिश की चेतावनी दी है। मौसम पर नजर रखने वाली निजी संस्था स्काइमेट के मुताबिक बुधवार रात से बारिश का जोर कमजोर पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि आर्थिक राजधानी सहित पड़ोस के ठाणे, पालघर और रायगड जिलों में मंगलवार रात से ही कभी धीमी तो कभी तेज बारिश हो रही थी। सोमवार सुबह से लेकर दोपहर तक महामुंबई क्षेत्र के अधिकांश इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। इससे कई इलाके जनमग्न हो गए हैं। मीठी नदी परिसर में बाढ़ जैसे हालात हैं, जहां फंसे लोगों को एनडीआरएफ और बीएमसी की टीम नाव से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम कर रही है। सेंट्रल और वेस्टर्न रेलवे की सेवाएं सुबह के समय 45 मिनट की देरी से चलती रहीं। दोपहर तक सेंट्रल की ठाणे से सीएसएमटी की सेवाएं बंद कर दी गईं।
रेलवे ट्रैक पर भरा पानी
वसई-विरार के बीच रेलवे ट्रैक पर पानी भरा होने के कारण वेस्टर्न की सेवाएं बंद रहीं। माहिम और माटुंगा रोड के बीच पानी भरने से कुछ समय के लिए लोकल गाडिय़ां बंद रहीं। चर्चगेट से वसई रोड के बीच आधे-आधे घंटे में फास्ट लाइन पर लोकल ट्रेनें चलाई गईं। अंधेरी से वसई के बीच ट्रेन सेवा सामान्य रही। सेंट्रल रेलवे के नटवर्क पर कई जगहों पर ट्रैक पानी में डूब गया। दोपहर बाद सीएसएमटी-ठाणे के बीच लोकल सेवाएं बंद कर दी गईं। कई इलाकों में जल जमाव के चलते बेस्ट बसों का रूट बदला गया है।
पुलिस ने दिखाई राह
महानगर के कुर्ला, दादर के हिंदमाता, सायन के किंग्ज सर्कल, नवी मुंबई के बेलापुर-उरण मार्ग, ठाणे का घोड़बंदर रोड, भिवंडी, कल्याण आदि इलाकों में बारिश के चलते सड़कों पर पानी भर गया। सड़कों पर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम पुलिस ने किया। किंग्ज सर्कल के पास एक व्यक्ति को सुरक्षित जगह पहुंचाते पुलिस कर्मी का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
रेलवे ट्र्ैक की मिट्टी बही
बेलापपुर के पास रेलवे लाइन के नीचे की मिट्टी बह गई। इस कारण सीबीडी बेलापुर-उलवे के बीच ट्रेन सेवा पूरी तरह से रोक दी गई। रेलवे ट्रैक की मरम्मत का काम चालू है। लेकिन, अधिकारी अभी यह बताने में असमर्थ हैं कि सीबीडी बेलापुर और उलवे के बीच रेल सेवा कब तक बहाल होगी।
घनसोली में सबसे ज्यादा बारिश
बुधवार को सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे के बीच छह घंटों के दौरान महानगर के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। उपनगरों में नवी मुंबई के घनसोली में सबसे ज्यादा 332 मिली मीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। अंधेरी पूर्व, विलेपार्ले और सांताक्रुज परिसरों में 214.35 मिमी बारिश दर्ज की गई। मुंबई शहर के दादर इलाके में सबसे ज्यादा 168.15 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
सुरक्षित जगह पहुंचाए गए 1500 लोग
मूसलाधार बारिश के बाद कुर्ला पश्चिम से लेकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में मीठी नदी का पानी भर गया। क्रांति नगर इलाके में बाढ़ जैसे हालात बन गए। किसी अनहोनी से बचने के लिए बीएमसी और एनडीआरएफ की टीम ने इलाके के 1,500 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया।
रायगड में नदियां उफान पर
पड़ोस के रायगड जिले में भी जोरदार बारिश हो रही है। जिले में बहने वाली कुंडलिका, अंबा, सावित्री और पातालगंगा नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। बाढ़ से निपटने के लिए पुणे से एनडीआरएफ की दो टीमें बुलाई गई हैं।, जो मनवेल पहुंच चुकी हैं।
Published on:
05 Sept 2019 07:00 am
