8 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कीड़े के काटने से ‘स्पेशल 26’ फेम राजेश शर्मा की बिगाड़ी हालत, पैर से घुटने तक फैला इंफेक्शन, अस्पताल में भर्ती

Rajesh Sharma hospitalised with serious: प्रभास की आगामी फिल्म की शूटिंग के दौरान एक्टर राजेश शर्मा को किसी कीड़े या जहरीली मकड़ी ने काट लिया। संक्रमण बढ़ने, तेज बुखार और सांस लेने में तकलीफ के बाद उन्हें कोलकाता के मणिपाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर रखे हुए हैं।
2 min read
Google source verification
Rajesh Sharma

Rajesh Sharma (IMDb)

Rajesh Sharma hospitalised with serious:प्रभास की अपकमिंग फिल्म की शूटिंग के दौरान एक्टर राजेश शर्मा को किसी कीड़े या जहरीली मकड़ी के काटने के बाद अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें कोलकाता के ढाकुरिया स्थित मणिपाल हॉस्पिटल में भर्ती किया गया, जहां डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

शूटिंग के बाद बिगड़ी तबीयत

एक्टर सुदीपा चटर्जी ने राजेश शर्मा के परिवार की ओर से सोशल मीडिया पर जारी एक प्रेस नोट में बताया कि ये घटना हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी में शूटिंग के दौरान हुई। पैकअप के बाद राजेश शर्मा घने पेड़ों वाले इलाके में स्थानीय लोगों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें किसी कीड़े या जहरीली मकड़ी के काटने का एहसास हुआ। बता दें, शुरुआत में मामला गंभीर नहीं लगा, इसलिए उन्होंने तुरंत मेडिकल सहायता नहीं ली और सामान्य रूप से अपनी दिनचर्या जारी रखी।

करीब 6 घंटे बाद उनके दाहिने पैर में तेज दर्द शुरू हुआ। इसके बावजूद वो कोलकाता लौटने वाली फ्लाइट में सवार हो गए। यात्रा के दौरान उन्हें तेज बुखार आ गया और उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। अगले दिन उन्हें ढाकुरिया स्थित मणिपाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां वो एक दिन से अधिक समय से डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

पैर में तेजी से फैला संक्रमण

प्रेस नोट के मुताबिक, राजेश शर्मा को तेज बुखार और सांस लेने में तकलीफ है। संक्रमण उनके दाहिने पैर की उंगलियों से घुटने तक फैल गया है और प्रभावित हिस्से पर बड़े-बड़े छाले पड़ गए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि अभी उनकी स्थिति को लेकर कोई निश्चित अनुमान लगाना जल्दबाजी होगी। फिलहाल वो खतरे से बाहर नहीं हैं और मेडिकल टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

डॉक्टरों को ब्लड क्लॉट का भी खतरा

डॉक्टरों को आशंका है कि संक्रमण की वजह से खून का थक्का (ब्लड क्लॉट) बनने का खतरा हो सकता है। यदि यह थक्का फेफड़ों तक पहुंचता है तो स्थिति गंभीर हो सकती है। इसी कारण उनकी लगातार जांच और इलाज जारी है। परिवार को उम्मीद है कि गुरुवार को डॉक्टरों की ओर से उनकी स्थिति पर आधिकारिक अपडेट जारी किया जाएगा।

बता दें, परिवार की ओर से जारी बयान में मीडिया, बंगाल मोशन पिक्चर्स आर्टिस्ट्स फोरम, राजेश शर्मा के दोस्तों और शुभचिंतकों का धन्यवाद दिया गया है। साथ ही, एक्टर प्रोसेनजीत चटर्जी का विशेष आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने इस कठिन समय में परिवार का लगातार मार्गदर्शन और सहयोग किया।

किस फिल्म के सेट पर हुई घटना, अभी ये स्पष्ट नहीं है

प्रभास इन दिनों निर्देशक हनु राघवपुडी की फिल्म 'फौजी' और संदीप रेड्डी वांगा की 'स्पिरिट' की शूटिंग में व्यस्त हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह घटना इन दोनों में से किस फिल्म के सेट पर हुई। राजेश शर्मा हाल ही में 'भूत बांग्ला' और 'कृष्णावतारम पार्ट 1: द हार्ट (हृदयम)' जैसी फिल्मों में नजर आए हैं।