26 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

9 साल बाद ‘बाहुबली 3’ पर आया बड़ा अपडेट, प्रभास ने दिया हिंट, बोले- विरासत जारी है

Baahubali 3: नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई डॉक्यूमेंट्री 'बाहुबली: द टॉर्चबियरर' में प्रभास और राणा दग्गुबाती ने 'बाहुबली 3' को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला हिंट दिया है। राणा ने जहां बाहुबली की और फिल्में आने की बात कही, वहीं प्रभास ने तीन उंगलियां उठाकर फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है...
2 min read
Google source verification
Prabhas and rana Daggubati Anushka Baahubali 3 confirmation hint in Netflix documentary torchbearer

बाहुबली 3 पर आया बड़ा अपडेट

Baahubali 3 movie confirmation hint: साल 2015 और 2017 में जब डायरेक्टर एसएस राजामौली की 'बाहुबली' फ्रेंचाइजी सिनेमाघरों में आई थी, तो उसने भारतीय सिनेमा का इतिहास हमेशा के लिए बदल दिया था। 'कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा?' इस एक सवाल ने सालों तक पूरे देश को अपनी उंगलियों पर नचाए रखा। अब, इसी आइकॉनिक फ्रेंचाइजी की शानदार यात्रा को फिर से जीने के लिए नेटफ्लिक्स पर एक खास डॉक्यूमेंट्री सीरीज 'बाहुबली: द टॉर्चबियरर' (Baahubali: The Torchbearer) रिलीज की गई है।

इस डॉक्यूमेंट्री में प्रभास, राणा दग्गुबाती, अनुष्का शेट्टी, तमन्ना भाटिया और राम्या कृष्णन जैसे सितारे एक बार फिर साथ आए हैं, लेकिन इस बार उन्होंने जो इशारा किया है, उसने दुनिया भर के सिनेमा प्रेमियों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। जी हां, फैंस का सालों पुराना इंतजार अब खत्म हो सकता है क्योंकि 'बाहुबली 3' को लेकर एक बहुत बड़ा हिंट सामने आया है।

'बाहुबली 3' पर दिया प्रभास ने बड़ा अपडेट

चार एपिसोड की इस डॉक्यूमेंट्री सीरीज में फिल्मों के पर्दे के पीछे की कहानी, भारी निर्माण चुनौतियों, पैसों की किल्लत और एसएस राजामौली के विजनरी जोखिमों को दिखाया गया है। लेकिन सबसे बड़ा धमाका इसके आखिरी एपिसोड में होता है। एक सीन में भल्लालदेव का किरदार निभाने वाले राणा दग्गुबाती सोफे पर बैठे प्रभास और अनुष्का शेट्टी की तरफ देखते हुए कहते हैं, "मुझे नहीं पता कि मुझे यह बात सार्वजनिक रूप से कहनी चाहिए या नहीं। लेकिन अभी राजामौली सर और हमारे प्रोड्यूसर शोबू गारू यहां नहीं हैं, इसलिए मैं अपने मन की बात कह देता हूं। भले ही दुनिया अभी इसके लिए पूरी तरह तैयार न हो, लेकिन एक बात तय है कि बाहुबली की और फिल्में जरूर आएंगी!"

राणा की यह बात सुनते ही प्रभास और अनुष्का जोर से हंसने लगते हैं। बात यहीं खत्म नहीं होती, प्रभास मुस्कुराते हुए कैमरे की तरफ अपनी तीन उंगलियां उठाते हैं, जिसे 'बाहुबली 3' (Baahubali 3) के पक्के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। एपिसोड के ठीक आखिर में स्क्रीन पर लिखा आता है- "और विरासत जारी है", जिसने इस चर्चा को और हवा दे दी है।

आधिकारिक मुहर का इंतजार, पर उम्मीदें सातवें आसमान पर

भले ही प्रभास और राणा दग्गुबाती ने दर्शकों को इतना बड़ा सरप्राइज दे दिया है, लेकिन मेकर्स या डायरेक्टर एसएस राजामौली की तरफ से 'बाहुबली 3' को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, कयास लगाए जा रहे हैं कि पर्दे के पीछे तीसरे पार्ट की तैयारी गुपचुप तरीके से शुरू हो चुकी है।

बता दें, साल 2015 में 'बाहुबली: द बिगिनिंग' और 2017 में 'बाहुबली 2: द कन्क्लूजन' ने बॉक्स ऑफिस पर कमाई के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए थे। हाल ही में यानी पिछले साल 31 अक्टूबर 2025 को मेकर्स ने दोनों फिल्मों का एक संयुक्त रीकट संस्करण 'बाहुबली: द एपिक' भी सिनेमाघरों में रिलीज किया था, जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। अब नेटफ्लिक्स की इस डॉक्यूमेंट्री के बाद फैंस को बस उस पल का इंतजार है जब राजामौली खुद 'बाहुबली 3' का आधिकारिक ऐलान करेंगे।