
ड्रग माफिया ललित पाटील चेन्नई से गिरफ्तार
Lalit Patil Arrested: पुणे के बहुचर्चित ड्रग मामले में तस्कर ललित पाटील को आखिरकार मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ड्रग माफिया ललित पाटील को बेंगलुरु और चेन्नई के बीच स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया गया। ललित को मुंबई लाया गया और अंधेरी कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे सोमवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में अब तक कथित मुख्य आरोपी ललित पाटील सहित 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
मुंबई पुलिस ने क्या कहा?
मुंबई पुलिस के ज्वाइंट कमिश्नर (कानून एवं व्यवस्था) सत्यनारायण चौधरी और पश्चिमी डिवीजन के एडिशनल कमिश्नर परमजीत सिंह दहिया ने आज ललित पाटील मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान अधिकारी ने कहा, "मुंबई पुलिस को 10 ग्राम ड्रग्स मिली थी। इसकी जांच करते हुए नासिक, पुणे में छापेमारी की गई। इन सभी छापों में 300 करोड़ की कीमत की 150 किलो एमडी ड्रग जब्त की गयी। इन सभी मामलों में कुल 15 आरोपी थे, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।" यह भी पढ़े-ड्रग माफिया ललित पाटील कोर्ट में बोला... पुणे पुलिस से मेरी जान को खतरा
10 ग्राम एमडी ने खोल दी पोल!
साकीनाका पुलिस स्टेशन में जब्त ड्रग्स को लेकर मामला दर्ज किया गया था। अगस्त महीने में शहर में 10 ग्राम एमडी ड्रग पकड़ी गयी थी। आगे की जांच में 150 किलोग्राम एमडी जब्त की गयी। जिसकी कीमत लगभग 300 करोड़ है। इस मामले में वांटेड आरोपी ललित पाटील को जाल बिछाकर कर्नाटक से गिरफ्तार किया गया। पुलिस की जांच में पता चला है कि ललित अपने भाई भूषण पाटील के साथ मिलकर नासिक में ड्रग्स फैक्ट्री चला रहा था। आरोप है कि पुणे के बड़े सरकारी अस्पताल ससून जनरल अस्पताल से ललित ड्रग रैकेट को चलाता था।
ललित के दावे की पुणे पुलिस करेगी जांच
कथित तौर पर 300 करोड़ के ड्रग्स केस में आरोपी ललित को दबोचने के लिए पुलिस की दस टीमें गठित की गई थी। आज ललित ने विस्फोटक दावा करते हुए कहा, “मैं पुणे के ससून अस्पताल से भागा नहीं था, मुझे भगाया गया था, इसमें किसका हाथ है, इसके बारे में मैं सबकुछ बताऊंगा।'' इस बारे में पूछे जाने पर मुंबई पुलिस ने कहा कि ललित ने आज जो कहा है, उसके बारे में पुणे पुलिस जांच करेगी। हम सिर्फ मुंबई में पकड़े गए ड्रग्स मामले की जांच कर रहे हैं। जहां से वह पुणे पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।
कैसे पकड़ा गया ललित पाटील?
ललित पाटील मुंबई के साकीनाका पुलिस के बिछाए जाल में फंस गया। दरअसल ललित ने साकीनाका पुलिस की गिरफ्त में मौजूद एक आरोपी को नए नंबर से कॉल किया था और तभी पुलिस को उसका सुराग मिल गया। इसके बाद साकीनाका पुलिस ने बेहद गोपनीयता बरतते हुए ललित की तलाश के लिए तीन टीमें बनाईं। इस बीच ललित की पुलिस हिरासत में मौजूद आरोपी से रोजाना बातचीत होती थी।
उससे पुलिस को ललित की हर गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी। वह पुणे, नासिक, इंदौर से सूरत गया। इसके बाद वह नासिक, धुले, औरंगाबाद होते हुए फिर कर्नाटक में छिपने के लिए भागा। अंत में जब वह एक होटल में ठहरा तो साकीनाका पुलिस ने उसे दो अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार कर लिया।
Published on:
18 Oct 2023 09:57 pm

बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
