मुंबई। महाराष्ट्र को ऑपरेटिव बैंक घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय द्वारा एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार के नाम एफआईआर दर्ज किये जाने पर वरिष्ठ समाज सेवक अण्णा हजारे और किसान संगठन के नेता राजू शेट्टी सहित कई दिग्गज पवार के समर्थन में उतरते हुए उन्हें क्लीन चिट दे रहे हैं। इससे एक दिन पहले भाजपा के ही वरिष्ठ नेता व् पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे पवार को क्लीन चिट दे चुके हैं।
गुरूवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ कई बड़े आंदोलन चला चुके वरिष्ठ समाज सेवक अण्णा हजारे ने कहा कि महाराष्ट्र को ऑपरेटिव बैंक के घोटाले और चीनी मिल के घोटाले बहुत बड़े हैं। इसके खिलाफ हमने आंदोलन भी किया है। बहुत सारे दस्तावेज भी जुटाए हैं। और उसे दिल्ली में कई बार जाँच एजेंसियों को सौपे हैं लेकिन उसमे कही भी शरद पवार का नाम नहीं था. पवार के नाम को प्रवर्तन निदेशालय ने क्यों एफआईआर में दर्ज किया है। इसका पता तो बाद में चलेगा। पवार पर क्या दोष है यह समझ के बाहर हैं।
उधर देश में किसान संगठन के बड़े नेता राजू शेट्टी ने भी कहा कि पवार का चीनी मिल हो या फिर महाराष्ट्र को ऑपरेटिव बैंक का घोटाला हो कही भी अब तक हमने नाम नहीं सुना था। जबकि कई प्रकार से हमने दस्तावेज जुटाएं थे। लेकिन पवार का नाम कही नहीं था। अब ईडी ने कैसे उनका नाम इस घोटाले से जोड़ा है। यह सोचने का विषय है।