
Anil Deshmukh
मुंबई: महाराष्ट्र राज्यसभा चुनाव में जेल में बंद नवाब मलिक और अनिल देशमुख को कोर्ट ने मतदान की इजाजत नहीं दी थी। जिससे एमवीए को बड़ा झटका लगा था। इसी कड़ी में अब पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख ने विधान परिषद चुनाव में मतदान के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया है। साथ ही उन्होंने कोर्ट से एक दिन की जमानत मांगी है। देशमुख की याचिका पर बुधवार को कोर्ट में सुनवाई होगी।
बॉम्बे हाईकोर्ट अब एनसीपी नेता अनिल देशमुख को महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में मतदान की इजाजत देती है या नहीं इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। दरअसल इससे पहले मुंबई की एक अदालत ने नवाब मलिक और अनिल देशमुख को बड़ा झटका देते हुए राज्यसभा चुनाव में मतदान की इजाजत नहीं दी थी। जिसके लिए वोटिंग 10 जून को हुई थी। महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव की छह सीटों में से तीन पर बीजेपी ने जीत दर्ज की है। साथ ही तीन सीट पर एमवीए के उम्मीदवार जीते हैं।
गौर हो कि एनसीपी नेता अनिल देशमुख को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में नवंबर 2021 में गिरफ्तार किया गया था। दरअसल देशमुख पर मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने मनी लॉन्ड्रिंग और फिरौती का आरोप लगाया था। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था। जबकि महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक को 23 फरवरी 2022 को ईडी ने गिरफ्तार किया था। मलिक पर अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम के सहयोगियों के साथ प्रॉपर्टी डील में शामिल होने का आरोप लगा है। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में नवाब मलिक को अरेस्ट किया था।
Published on:
13 Jun 2022 04:20 pm
