7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Maharashtra Cabinet Expansion: कौन है सीएम शिंदे की नई टीम में शामिल 18 मंत्री? तीन पर लगे है गंभीर आरोप

Maharashtra Cabinet Expansion News: सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार आज हुआ है। अपने-अपने विभाग की ज़िम्मेदारी सब लोग संभालेंगे। इस राज्य की जनता को जो काम चाहिए वो किया जाएगा। राज्य का सर्वांगीण विकास करने को ये लोग काम करेंगे। इसके बाद भी मंत्रिमंडल का विस्तार बाकी है।“

4 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Aug 09, 2022

Maharashtra Cabinet Expansion  Details

महाराष्ट्र की शिंदे कैबिनेट का हुआ विस्तार

Maharashtra Cabinet Expansion: महाराष्ट्र कैबिनेट का विस्तार आखिरकार मंगलवार को हो गया। महाराष्ट्र में शिंदे गुट की शिवसेना और बीजेपी के कुल 18 मंत्रियों ने शपथ ली है। लेकिन अभी तक मंत्रियों के पोर्टफोलियो नहीं तय हुए है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मंत्रियों को उनके विभागों का बंटवारा जल्द किया जाएगा।

सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा “मंत्रिमंडल का विस्तार आज हुआ है। अपने-अपने विभाग की ज़िम्मेदारी सब लोग संभालेंगे। इस राज्य की जनता को जो काम चाहिए वो किया जाएगा। राज्य का सर्वांगीण विकास करने को ये लोग काम करेंगे। इसके बाद भी मंत्रिमंडल का विस्तार बाकी है।“ इस बीच शिंदे सरकार के कैबिनेट में शामिल हुए कुछ मंत्रियों के नामों पर भी विवाद शुरू हो गया है। यह भी पढ़े-Maharashtra Politics: एकनाथ शिंदे की मिनी कैबिनेट पर अजित पवार ने दी पहली प्रतिक्रिया, बोले- कुछ चेहरे न होते तो अच्छा होता

राज भवन में हुए समारोह में शपथ लेने वाले 18 विधायकों में से 17 पहले भी मंत्री रह चुके हैं। जबकि महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली सरकार में किसी भी महिला को बतौर मंत्री जगह नहीं मिली है।


गिरीश महाजन (Girish Mahajan)

गिरीश महाजन (62) उत्तरी महाराष्ट्र से बीजेपी नेता हैं और उन्होंने छह बार विधानसभा चुनाव जीता है। उन्हें उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का करीबी माना जाता है।

चंद्रकांत पाटील (Chandrakant Patil)

नए मंत्रियों में बीजेपी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल (63) भी शामिल हैं। पाटिल दो बार पार्षद रह चुके हैं तथा पश्चिमी महाराष्ट्र से विधायक हैं। वह 2014-19 के दौरान राजस्व एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मंत्री थे।

राधाकृष्ण विखे पाटील (Radhakrishna Vikhe Patil)

राधाकृष्ण विखे पाटिल (63) अहमदनगर जिले से सात बार के विधायक हैं। वह 2014-19 के दौरान कांग्रेस में रहते हुए विधानसभा में विपक्ष के नेता थे लेकिन 2019 में बीजेपी के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीते।

सुधीर मुनगंटीवार (Sudhir Mungantiwar)

सुधीर मुनगंटीवार (60) विदर्भ के चंद्रपुर जिले से छह बार विधायक चुने गए हैं। 2014-19 के दौरान वह वित्त एवं वन मंत्री थे।

रवींद्र चव्हाण (Ravindra Chavan)

बीजेपी के ही रवींद्र चव्हाण (51) ठाणे जिले से तीन बार के विधायक हैं। वह 2014-19 के दौरान राज्य मंत्री रह चुके हैं।

विजयकुमार गावित (Vijaykumar Gavit)

विजयकुमार गावित (67) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) छोड़कर 2014 में बीजेपी में शामिल हुए थे। वह पांच बार विधायक बन चुके हैं। वह उत्तरी महाराष्ट्र के नंदरबार जिले से आते हैं।

अतुल सावे (Atul Save)

अतुल सावे (60) मराठावाड़ा (औरंगाबाद जिला) से बीजेपी के दो बार के विधायक हैं। वह राज्य में पहले मंत्री रह चुके हैं।

सुरेश खाडे (Suresh Khade)

सुरेश खडे (64) पश्चिम महाराष्ट्र के सांगली जिले से बीजेपी के दो बार विधायक रह चुके हैं। वह राज्यमंत्री हैं।

मंगलप्रभात लोढा (Mangal Prabhat Lodha)

मंगल प्रभात लोढ़ा (66) मुंबई से भाजपा के पांच बार विधायक रह चुके हैं। वह पार्टी की मुंबई इकाई के अध्यक्ष भी हैं। प्रतिष्ठित बिल्डर लोढ़ा ने 2014 के विधानसभा चुनाव में अपनी संपत्ति 441 करोड़ रुपये बतायी थी और राज्य के सबसे अमीर विधायक हैं।


गुलाबराव पाटील (Gulabrao Patil)

उत्तरी महाराष्ट्र के जलगांव जिले से शिवसेना के चार बार के विधायक गुलाबराव पाटिल (56) ने मंत्री पद की शपथ ली हैं। वह उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार में मंत्री थे।

उदय सामंत (Uday Samant)

उदय सामंत (46) रत्नागिरी जिले से शिवसेना के चार बार के विधायक हैं। वह एमवीए सरकार में मंत्री थे

संदीपान भुमरे (Sandipan Bhumre)

शिवसेना के संदीपन भुमरे (59) पांच बार विधायक का चुनाव जीत चुके हैं और वह मराठावाड़ा के औरंगाबाद जिले का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह पूर्ववर्ती सरकार में कैबिनेट मंत्री थे।

दादा भुसे (Dada Bhuse)

उत्तरी महाराष्ट्र के नासिक जिले से शिवसेना के चार बार के विधायक दादा भुसे (58) एमवीए सरकार में मंत्री थे।

शंभूराज देसाई (Shambhuraj Desai)

सातारा जिले से शिवसेना के तीन बार के विधायक शंभूराज देसाई (55) एमवीए सरकार में कनिष्ठ मंत्री थे।

संजय राठोड (Sanjay Rathod)

संजय राठोड (51) यवतमाल जिले से चार बार शिवसेना के विधायक रहे हैं। शिवसेना के बागी विधायक संजय राठौड़ उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली सरकार में वन मंत्री थे तथा बीजेपी द्वारा पूजा चव्हाण नाम की एक महिला की आत्महत्या के लिए उन पर आरोप लगाए जाने के बाद उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था।

तानाजी सावंत (Tanaji Sawant)

उस्मानाबाद जिले से शिवसेना के विधायक तानाजी सावंत (58) विधान परिषद के पूर्व सदस्य और पूर्व मंत्री हैं। ठाकरे सरकार में वें जल संरक्षण मंत्री थे. सामंत के केकड़ों की वजह से रत्‍नागिरी जिले में तिवरे बांध टूटने का दावा करने के बाद बड़ा विवाद हुआ था और उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था. इस हादसे में दो दर्जन लोग मारे गए थे।

अब्दुल सत्तार (Abdul Sattar)

अब्दुल सत्तार (54) मराठावाड़ा से तीन बार के विधायक हैं। वह पहले दो कार्यकाल में कांग्रेस के साथ थे और 2019 में शिवसेना में शामिल हो गए थे। सत्तार के खिलाफ विपक्ष टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) घोटाला मामले में जांच की मांग कर रहा है। एक दिन पहले ही प्रवर्तन निदेशालय ने टीईटी घोटाला मामले में मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है। शिवसेना के बागी विधायक अब्दुल सत्तार की तीन बेटियों और एक बेटे का टीईटी 2019-20 की लिस्ट में नाम आया है। जबकि महाविकास अघाडी सरकार में मंत्री रहे अब्दुल सत्तार के किसी बच्चे ने परीक्षा पास भी नहीं की थी।

दीपक केसरकर (Deepak Kesarkar)

शिंदे गुट के मुख्य प्रवक्ता दीपक केसरकर (67) शिवसेना के तीन बार के विधायक हैं। वह सिंधुदुर्ग जिले से आते हैं तथा पहले भी राज्य के मंत्री रह चुके हैं।