
सीएम एकनाथ शिंदे को लेकर हर्षवर्धन पाटिल ने दिया बयान
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में राजनीतिक घमासान खत्म होने के कोई आसार नहीं दिखाई दे रहे हैं। उद्धव और शिंदे गुट-भाजपा के बीच लगातार एक दूसरे पर जवाबी हमले किये जा रहे हैं। इसी बीच भाजपा नेता हर्षवर्धन पाटिल ने शिवसेना नेता विनायक राउत के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि एकनाथ शिंदे के पीछे विधायकों की फौज, शिवसेना को उनकी सराहना करनी चाहिए।
भाजपा नेता हर्षवर्धन पाटिल ने कहा कि जब एकनाथ शिंदे आपके पास थे तो अच्छा थे अब वह मुख्यमंत्री हैं। भाजपा नेता ने कहा है कि उनके पीछे 40 विधायक आए, इसके लिए शिवसेना को उनकी सराहना करनी चाहिए। दरअसल इससे पहले विनायक राउत ने एक बयान में कहा था कि देवेंद्र फडणवीस एक देहाती मुख्यमंत्री के अधीन काम करते हैं। इसका जवाब अब पाटिल ने दिया है।
पाटिल ने कहा कि राज्य से उनकी सत्ता जाते ही उनकी पार्टी हिल गई है। वे हताशा में इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने राउत के बयान को हास्यास्पद बताया है। वे बोले कि मैं उनके बयान की निंदा करता हूं। राज्य के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री के बारे में बयान देना लोकतंत्र का अपमान है।
गौरतलब है कि इससे पहले सीएम एकनाथ शिंदे पर शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे ने निशाना साधा था। उन्होंने शनिवार को कहा था कि वह उस असली शिवसेना के चीफ हैं जिसकी स्थापना चार पीढ़ियों के सामाजिक कामों से हुई है। शिवसेना भवन से ठाकरे ने कहा कि शिवसेना को छीना या खरीदा नहीं जा सकता है।
Published on:
18 Sept 2022 05:11 pm
