
BJP नेता मोहित कंबोज ने ट्वीट कर किया ये बड़ा दावा
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में मानसून सत्र का आज पहला दिन है। लेकिन सूबे में जारी सियासी घमासान खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में बीजेपी नेता मोहित कंबोज ने ट्वीट कर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द एनसीपी का एक बड़ा नेता नवाब मलिक और अनिल देशमुख के पास जाने वाला है।
बीजेपी नेता मोहित कंबोज ने ट्वीट कर लिखा कि 'हर हर महादेव अब तांडव होगा'। जबकि एक अन्य ट्वीट में कहा कि बहुत जल्द ही एनसीपी का एक बड़ा नेता नवाब मलिक और अनिल देशमुख के पास जाने वाला है। उन्होने अपने ट्वीट में कहा कि इस ट्वीट को सेव कर लीजिए। साथ ही उनका इशारा था कि महाराष्ट्र सिंचाई घोटाले की फिर से जांच होनी चाहिए।
गौर हो कि इससे पहले कंबोज ने एनसीपी नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री नवाब मलिक पर निशाना साधा था। उन्होंने मलिक पर अंडरवर्ल्ड के साथ संबंध रखने और मनी लॉन्ड्रिंग का गंभीर आरोप लगाया था। दरअसल भाजपा नेताओं द्वारा की गई शिकायत के बाद एनसीपी नेता नवाब मलिक को ईडी ने पूछताछ के बाद अरेस्ट किया था।
वहीं मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में ही राज्य के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख को गिरफ्तार किया गया था। देशमुख पर पुलिस महकमे के अधिकारियों का गलत इस्तेमाल कर 100 करोड़ रुपए हफ्ता वसूली का गंभीर आरोप लगा था। यह आरोप मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने लगाया था। सिंह ने कहा था कि देशमुख सचिन वझे जैसे अफसरों की मदद से वसूली करते थे।
Published on:
17 Aug 2022 11:53 am
