
महाराष्ट्र में कैबिनेट विस्तार की अटकलें तेज
Maharashtra Cabinet Expansion: महाराष्ट्र में कैबिनेट का विस्तार जल्द किया जा सकता है। राज्य के सीएम एकनाथ शिंदे आज दिल्ली दौरे पर जा सकते हैं। इससे पहले वे बुधवार को दिल्ली जाने वाले थे लेकिन फिर खबर आई कि यह दौरा रद्द हो गया। शिंदे कैबिनेट में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सब फाइनल हो गया है अब सिर्फ औपचारिक ऐलान होना बाकी है।
ज्ञात हो कि शिंदे और बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता में आने के लगभग एक महीने बाद भी कैबिनेट का विस्तार न होना कई सारे सवाल खड़ा कर रहा है। साथ ही विपक्ष भी इसे लेकर हमलावर है। यही कारण है कि महाराष्ट्र सरकार जल्द ही कैबिनेट का विस्तार कर सकती है। सीएम एकनाथ शिंदे का दिल्ली दौरा कई मायनों में खास है। वे यहां गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी नेताओं के साथ मुलाकात कर मंत्रिमंडल को लेकर अंतिम चर्चा कर सकते हैं।
वहीं खबरें हैं कि महाराष्ट्र में बीजेपी और शिंदे गुट के बीच अब तक हुई बातचीत के अनुसार 40 मंत्री बनेंगे। जिसमें से भाजपा के 28 और शिंदे खेमे के 12 विधायकों का समावेश होगा। शिंदे गुट अपने पास वह मंत्रालय चाह रही है जो एमवीए सरकार के समय शिवसेना के पास थी। लेकिन भाजपा इसमें कुछ बदलाव चाहती है।
गौर हो कि सीएम बनने के बाद एकनाथ शिंदे का दिल्ली का पांचवा दौरा है। इससे पहले जब शिंदे दिल्ली आए थे तो उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित अन्य भाजपा के नेताओं से मुलाकात की थी। साथ ही शिंदे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल हुए थे।
Published on:
28 Jul 2022 09:09 am
