
महाराष्ट्र में मंत्रिमंडल विस्तार से जुड़ी बड़ी खबर
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में जारी सियासी संग्राम अभी खत्म नहीं हुआ है। इन सब के बीच राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। बताना चाहते हैं कि शिंदे कैबिनेट का विस्तार जल्द किया जा सकता है। कहा जा रहा है ही शिंदे कैबिनेट का विस्तार दो चरणों में किया जाएगा। इसके तहत पहले चरण में शिंदे गुट से 12 और बीजेपी से 20 विधायक मंत्री बन सकते हैं।
ज्ञात हो कि महाराष्ट्र में कैबिनेट विस्तार जल्द होने की अटकलें तेज है। खबर है कि राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आज फिर दिल्ली जा रहे हैं। राजधानी में दोनों नेता गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। फिर कल रात दोनों नेता वापस मुंबई लौटेंगे। शिंदे कैबिनेट का विस्तार दो चरणों में होने की जानकारी सामने आ रही है। साथ ही पहले चरण में 32 मंत्री शपथ लेंगे। जिसमें से 12 शिंदे गुट और 20 बीजेपी खेमे के होंगे।
शिंदे खेमे और भाजपा के बीच संख्या को लेकर सहमति बन गई है। लेकिन विभागों के बंटवारे को लेकर चर्चा जारी है। दरअसल कहा जा रहा है कि शिंदे गुट उन तमाम मंत्रालयों को अपने पास रखना चाहती है कि जो एमवीए सरकार के समय शिवसेना के पास थे। लेकिन भाजपा इसमें बदलाव करना चाहती है।
गौर हो कि महाराष्ट्र विधानसभा में कुल सदस्यों की संख्या 288 है। इसलिए संवैधानिक तरीके से सिर्फ 15 प्रतिशत ही मंत्री बन सकते हैं। इस हिसाब से अधिक से अधिक राज्य में 42 लोग ही मंत्री बन सकते हैं। जिसमें सीएम और डिप्टी सीएम का भी समावेश है। इस हिसाब से महाराष्ट्र कैबिनेट में 40 मंत्री के लिए जगह है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले जब एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस ने दिल्ली का दौरा किया था तो बड़ा दावा किया था। उन्होंने कहा था कि उनकी सरकार न सिर्फ पूरा कार्यकाल पूरा करेगी बल्कि अगला चुनाव भी जीतेगी। शिंदे ने कहा था कि महाराष्ट्र में मजबूत सरकार है और उनके गठबंधन के पास 164 विधायक हैं। जबकि विपक्ष के पास 99 विधायक हैं।
Published on:
27 Jul 2022 04:48 pm
