
Solapur
महाराष्ट्र के सोलापुर से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। सोलापुर में पुल न होने की वजह से वहां के लोग अपनी जान जोखिम में डालकर उफनती नदी से होकर गुजरने को मजबूर हैं। हाल ही में एक शख्स को कब्रिस्तान में दफनाने के लिए गांव के लोगों को इस नदी से होकर गुजरना पड़ा क्योंकि गांव में कब्रिस्तान नहीं है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में पीतापुर गांव के लोग मंगलवार को नूर अहमद (48) को दफनाने के लिए हरना नदी को पार करते नजर आ रहे हैं।
सोलापुर में पिछले एक सप्ताह से हो रही भारी बारिश की वजह नदी उफान पर है। परिजन मंगलवार सुबह तक पानी घटने का इंतजार करते रहे। हालांकि, बाढ़ के रास्ते ही जनाजा निकालने का फैसला किया गया। उनके पास कोई विकल्प नहीं था। मृतकों को विदाई देने के लिए जनाजा बहते पानी से होकर गुजरा। यह भी पढ़ें: Maharashtra Cabinet Expansion: जानें शिंदे सरकार में कितने मराठा, ओबीसी को बनाया गया मंत्री, पढ़े पूरा जातीय समीकरण
बता दें कि अक्कलकोट तहसील में स्थित इस गांव में मुस्लिम की आबादी ज्यादा रहती है। इस गांव का कब्रिस्तान नदी के दूसरी तरफ है, इसलिए ग्रामीणों को मृतकों को दफनाने के लिए नदी पार करनी पड़ती है। कई सालों की मांग के बाद भी अभी तक नदी पर कोई पुल नहीं बना है। जिसके चलते ग्रामीणों के पास उस नदी में प्रवेश करने के अलावा कोई और चारा नहीं है। पीतापुर गांव के ग्राम पंचायत सचिव संदीप पचांगे ने कहा कि हम काफी समय से नदी पर पुल बनाने की मांग कर रहे हैं ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत ना हो।
वहीं वायरल वीडियो को लेकर संदीप पचांगे ने कहा कि चूकिं नूर मोहम्मद का अंतिम संस्कार करना जरुरी था इसलिए परिवार के सदस्यों ने नदी पर कर ही दूसरी तरफ जाने का फैसला किया। नदी पार करने के दौरान खाली बैरल को घाट के नीचे बांध दिया गया था, ताकि नदी पार करते समय किसी को कोई खतरा ना हो। इसके अलावा नदी पार करने के दौरान कुछ अच्छे तैराकों की भी मदद ली गई थी।
वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों ने किया गांव का दौरा: बता दें कि इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद अक्कलकोट तहसील के प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सचिन खुदे ने मंगलवार को इस गांव का दौरा किया। गांव वालों परेशानी को स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा कि अक्कलकोट क्षेत्र में बारिश इतनी ज्यादा नहीं होती है, लेकिन इस क्षेत्र में हाल ही में हुई भारी बारिश की वजह से नदी में बाढ़ आ गई। खुदे ने कहा कि स्थानीय विधायक और जनप्रतिनिधि नदी पर पुल बनाने की मांग को लेकर लगातार प्रयास कर रहे हैं।
बीडीओ ने आगे कहा कि इस नदी पर कोल्हापुर जैसे बैराज प्रस्तावित हैं, जिनका निर्माण जल्द ही किया जाएगा। तब तक अस्थाई समाधान के रूप में प्रशासन ने ग्रामीणों से कहा है कि वे किसी भी निवासी को गांव में कब्रिस्तान के लिए जमीन दान करने के लिए मनाने का प्रयास करें। यदि कोई कब्रिस्तान के लिए जमीन दान देने के लिए तैयार होता है तो हम प्रशासन के सामने प्रस्ताव रखेंगे और इसे मंजूरी दिलाकर आवश्यक सुविधाएं दिलाने की पूरी कोशिश करेंगे।
Updated on:
10 Aug 2022 03:03 pm
Published on:
10 Aug 2022 03:01 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
