
मुंबई में ठंड बरकरार
Maharashtra Mumbai Winter: महाराष्ट्र में उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण कंपकंपाने वाली सर्दी पड़ रही है। मुंबई में भी न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट देखी गई। शहर की तुलना में उपनगरों में अधिक ठंड महसूस हो रही है। राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे आ गया है। आज जलगांव में सबसे कम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। निफाड समेत उत्तर महाराष्ट्र के कई हिस्से शीतलहर की चपेट में है।
महाराष्ट्र में न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरा छाया हुआ है। विदर्भ, मराठवाड़ा के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। वहीं, मौसम विभाग ने राज्य में अभी कुछ दिन और कड़ाके की ठंड पड़ने की भविष्यवाणी की है। यह भी पढ़े-मुंबई कूच करेगा मराठा ‘सैलाब’? मनोज जरांगे का शिंदे सरकार को आखिरी अल्टीमेटम, भूख हड़ताल शुरू
राज्य के कई शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है और मौसम विभाग का अनुमान है कि कम से कम दो दिन और ठंड जारी रहेगी। पुणे और मुंबई में भी ठंड जारी रहेगी। आज पुणे में पारा 10 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का। मुंबई के सांताक्रूज मौसम केंद्र में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हुआ।
महाराष्ट्र में पुणे, जलगांव, नासिक, औरंगाबाद, वर्धा, यवतमाल और नागपुर में सबसे ज्यादा ठंड पड़ रही है। आज नासिक का तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस तक गिरा। ठंड के साथ-साथ घने कोहरे से भी लोगों को परेशानी हुई है। नासिक जिले का निफाड सबसे ठंडा रहा है।
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, उत्तरी महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी रहने की संभावना है। आज शुक्रवार से अगले दो दिनों तक आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
राज्यभर में अगले दो दिनों तक ठंड का मौसम जारी रहने की उम्मीद है। पुणे, जलगांव, मालेगांव, नासिक, अकोला, बुलढाणा, गोंदिया, नागपुर, यवतमाल का तापमान 10 डिग्री से नीचे गिरने की संभावना है।
Published on:
26 Jan 2024 08:01 pm

बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
