29 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुंबई आ रहा मराठा ‘जनसैलाब’, वाशी APMC 2 दिन बंद! रैपिड एक्शन फोर्स तैनात

Maratha Andolan in Mumbai: 26 जनवरी को अनशन करने के लिए मनोज जरांगे मुंबई आ रहे हैं। उनके साथ लाखों मराठा प्रदर्शनकारी मुंबई में प्रवेश करेंगे।

3 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Jan 25, 2024

maratha_andolan.jpg

मनोज जरांगे बोले- आरक्षण लेकर ही मराठा मुंबई से लौटेंगे

Maratha Reservation Manoj Jarange: महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण का मुद्दा फिर गरमाता जा रहा है। मनोज जरांगे पाटील की अगुवाई में हजारों की संख्या में मराठा समुदाय के लोग मुंबई की तरफ बढ़ रहे है। मराठा आंदोलनकारी पुणे के बाद लोनावला से मुंबई के लिए निकल पड़े है। यह जनसैलाब गुरुवार शाम में नवी मुंबई में दस्तक देगा। उन्होंने 26 जनवरी को मुंबई पहुंचने की ठानी है। इसके चलते पुलिस ने कड़े इंतजाम किए है। स्थानीय प्रशासन भी मुस्तैद है।

मुंबई पुलिस ने मनोज जरांगे को शहर में नहीं आने के लिए नोटिस दिया है। साथ ही शहर में मराठा आंदोलन की अनुमति देने से भी मना कर दिया है। हालांकि मराठा नेता जरांगे ने साफ कहा है कि मराठा मुंबई कूच करेंगे, शांति से प्रदर्शन करेंगे और आरक्षण लेकर अपने गांव वापस लौटेंगे। उन्होंने कहा कि वह मुंबई में परेशानी नहीं खड़ा करना चाहते है, वे केवल मराठा आरक्षण चाहते है। वह सरकार का सहयोग करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। यह भी पढ़े-मराठा आरक्षण मिलने पर जाएंगे अयोध्या..., मनोज जरांगे बोले- राम मंदिर का जश्न मनाएंगे


आजाद मैदान पर मराठा आंदोलन की अनुमति नहीं!

मनोज जरांगे ने मुंबई के आजाद मैदान में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस से भूख हड़ताल करने का ऐलान किया है। हालांकि मुंबई पुलिस ने कहा कि इस आंदोलन के लिए आजाद मैदान बहुत छोटा है, क्योकि इसका क्षमता 5000 लोगों की है। इसके अलावा लाखों की संख्या में मराठा प्रदर्शनकारी मुंबई आ गए तो कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा हो सकती है, शहर अस्त-व्यस्त हो सकता है।

बॉम्बे हाईकोर्ट ने बुधवार को एक याचिका पर सुनवाई के दौरान आजाद मैदान पुलिस को मनोज जरांगे को नोटिस जारी करने का आदेश दिया था। पुलिस ने शहर के दादर इलाके में स्थित शिवाजी पार्क मैदान में भी मराठाओं को प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। साथ ही कहा कि मराठा आंदोलन के प्रदर्शनकारी नवी मुंबई के खारघर मैदान में ही ठहरे और मुंबई में न घुसे।

आरएएफ तैनात

इस बीच, पुलिस ने मराठा आंदोलन का रूट बदल दिया है। पुलिस ने मराठा प्रदर्शनकारियों को मुंबई-पुणे ओल्ड हाईवे से आने को कहा है, लेकिन मराठा मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे से आना चाहते है। मुंबई पुणे एक्सप्रेस हाईवे पर पुलिस का कड़ा पहरा लगा दिया गया है। लोनावाला में मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के प्रवेश और निकास दोनों बिंदुओं पर भारी सुरक्षा तैनात की गई है। रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) और बम निरोधक दस्ता भी तैनात है। मराठा प्रदर्शनकारियों को एक्सप्रेस हाईवे पर चढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेड लगाये गये है। लेकिन मराठा प्रदर्शनकारी एक्सप्रेसवे से आने पर अड़े हुए हैं।


वाशी एपीएमसी 2 दिन बंद

मनोज जरांगे और मराठा प्रदर्शनकारी आज नवी मुंबई के वाशी में रहेंगे और शुक्रवार को मुंबई के आजाद मैदान के लिए निकलेंगे। मराठा आंदोलन के मद्देनजर वाशी एपीएमसी के सभी बाजार गुरुवार और शुक्रवार को बंद कर दिए गए हैं। उनके रात्रि विश्राम और भोजन की व्यवस्था वाशी के एपीएमसी मार्केट में की गई है। सभी वाशी मार्केट पूरी तरह से बंद है। वाशी एपीएमसी में तैयारियां जोरों पर चल रही है। यहां लाखों लोगों के भोजन और रहने की व्यवस्था की गई है।

मुंबई में पुलिसबल तैनात

मराठा प्रदर्शनकारियों की लाखों की भीड़ कुछ ही समय में नवी मुंबई के शहरों में प्रवेश करने वाली है। इसके लिए नवी मुंबई और मुंबई पुलिस सतर्क हो गई है। नवी मुंबई में जहां मराठा ठहरेंगे वहां करीब तीन हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। मोर्चा में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी सावधानियां बरती गई हैं। मुंबई में भी तगड़ा पुलिस बंदोबस्त कड़ा किया गया है। सायन-पनवेल हाईवे पर भारी वाहनों की एंट्री बंद कर दी गई है। शहर में पहले ही निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।

मनोज जरांगे से बातचीत फेल

राज्य सरकार के प्रतिनिधि के तौर पर आज दोपहर में मराठवाड़ा डिविजनल कमिश्नर पुणे के लोनावला में मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे से मिले थे और आरक्षण के संबंध में बैठक की थी। लेकिन बात नहीं बनी और मराठा मुंबई के लिए निकल पड़े है।

Story Loader