
पूनम पांडे को गिरफ्तार करने की मांग
Poonam Pandey Fake Death: अपनी मौत का नाटक करने को लेकर अभिनेत्री और मॉडल पूनम पांडे की कड़ी आलोचना हो रही है। इस बीच, मुंबई पुलिस को तीन अलग-अलग लिखित शिकायतें मिली हैं, जिसमें पूनम के खिलाफ केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। उधर, पूनम पांडे ने दावा किया कि सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए उन्होंने अपनी मौत का नाटक किया।
पूनम पांडे द्वारा अपनी मौत का नाटक किए जाने का खुलासा करने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स के अलावा कई सेलिब्रिटीज़ ने भी उनकी आलोचना की है। लोग पूनम की पीआर टीम को भी कोस रहे है। पूनम पांडे की मौत के झूठ वाले स्टंट को लेकर विवाद के बाद कैंपेन में शामिल डिजिटल एजेंसी शबैंग ने भी माफी मांगी है। यह भी पढ़े-चॉकलेट का लालच देकर छात्रा से रेप, स्कूल का सुरक्षा गार्ड गिरफ्तार
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैज़ान अंसारी (Faizan Ansari) ने मुंबई पुलिस को एक लिखित शिकायत दी और पब्लिसिटी के लिए अपनी मौत की झूठी अफवाह फैलाने के आरोप में पूनम पांडे की गिरफ्तारी की मांग की। अंसारी ने मॉडल पर मौत का नाटक रचकर लोगों को गुमराह करके सनसनी पैदा करने का आरोप लगाया है।
पुलिस कमिश्नर को लिखे अपने पत्र में फैजान ने लिखा कि पूनम पांडे ने कैंसर जैसी बड़ी बीमारी का मजाक उड़ाया है और कैंसर से पीड़ित लोगों का अपमान किया है। पूनम की हरकत से बॉलीवुड की छवि भी खराब हुई।
गौरतलब है कि पूनम पांडे के खिलाफ मुंबई पुलिस में दर्ज यह तीसरी लिखित शिकायत है। इससे पहले सिने वर्कर्स एसोसिएशन और एडवोकेट अली कासिफ ने शिकायत दर्ज कराई थी।
उधर, ऑल इंडिया सिने वर्कर्स असोसिएशन (एआईसीडबल्यूए) ने कहा है कि अभिनेत्री व उनकी मैनेजर पर एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। एआईसीडबल्यूए ने कहा, "सर्वाइकल कैंसर के नाम पर खुद को प्रमोट करना सही नहीं है। अब तो लोग फिल्म इंडस्ट्री में किसी की भी मौत की खबर को सच मानने से हिचकेंगे।"
हालांकि, तीन शिकायतों के बाद मुंबई पुलिस पूनम पांडे के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है, यह आने वाले समय में पता चलेगा।
मालूम हो कि 2 फरवरी की सुबह पूनम पांडे की मैनेजर ने घोषणा की कि अभिनेत्री ने सर्वाइकल कैंसर से अपनी जान गंवा दी है। हालाँकि, अगले दिन शनिवार को खुद पूनम ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट की और बताया की वह जीवित हैं। उन्होंने दावा किया कि मौत की यह झूठी कहानी इसलिए गढ़ी गई क्योंकि वह लोगों को सर्वाइकल कैंसर के बारे में जागरूक करना चाहती थीं।
Published on:
05 Feb 2024 09:21 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
