16 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

President Election Results 2022: द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव में लहराया जीत का परचम, महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ सहित इन नेताओं ने दी बधाई

एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को आधिकारिक तौर पर विजेता घोषित कर दिया गया है। रिटर्निंग ऑफिसर और राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने विजेता का एलान किया। बता दें कि कुल वोट 4754 पड़े जिसमें से एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को 2824 वोट मिले जिनका मूल्य 676803 है।

3 min read
Google source verification
draupadi_murmu.jpg

राष्ट्रपति चुनाव (Presidential Election 2022) में एनडीए (NDA) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) ने शानदार जीत हासिल की है। द्रौपदी मुर्मू देश की 15वीं राष्ट्रपति बन गई हैं। राष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष की और से पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा (Yashwant Sinha) मैदान में उतरे थे, जबकि एनडीए ने द्रौपदी मुर्मू को चुना था। वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है। ऐसे में 25 जुलाई को द्रौपदी मुर्मू नए राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेंगी।

द्रौपदी मुर्मू की जीत के बाद उन्हें लगातार बधाई संदेश आ रहे हैं। देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बधाई देने द्रौपदी मुर्मू के घर पहुंचे। महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस समेत राज्य के नेताओं ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है। यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति चुनावः द्रौपदी मुर्मू की जीत के बाद जश्न का दौर शुरू, थिरकते दिखे BJP नेता, बधाई देने घर पहुंचे PM मोदी

महाराष्ट्र के इन नेताओं ने दी बधाई:

महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने द्रौपती मुर्मू को ट्वीट कर बधाई दी। उन्होंने लिखा कि भारत गणराज्य की 15वीं राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को हार्दिक बधाई एवं उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं!

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट कर कहा कि हमारे देश के लिए बहुत बड़ी खुशखबरी। माननीय द्रौपदी मुर्मू जी को भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर महाराष्ट्र की ओर से हार्दिक बधाई। भारत ने सर्वोच्च पद के लिए एक आदिवासी महिला और आम नागरिक को चुना है। यही हमारे लोकतंत्र और भारतीय संविधान की खूबसूरती है।

एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने ट्वीट कर बधाई दी। उन्होंने कहा कि द्रौपदी मुर्मू को भारत के राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर हार्दिक बधाई। राष्ट्रपति के रूप में आपके कार्यकाल की सफलता की कामना करता हूँ।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने द्रौपती मुर्मू को ट्विटर पर बधाई देते हुए कहा कि श्रीमती मुर्मू जी देश की राष्ट्रपति बनी हैं, यह संपूर्ण देश के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति पद पर उनका कार्यकाल पूर्णतः सफल रहेगा, यह मुझे विश्वास है।

एनसीपी नेता अजित पवार ने कहा कि भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर ने देश को दुनिया का सबसे अच्छा संविधान और आदर्श लोकतांत्रिक व्यवस्था दी, इस संविधान की रक्षा और लोकतंत्र को बढ़ावा देने का कार्य नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा किया जाएगा। उन्हें बधाई और एक सफल करियर के लिए शुभकामनाएं!

महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने मुर्मू को बधाई देते हुए लिखा कि माननीय द्रौपदी मुर्मू जी को भारत के राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर हार्दिक बधाई। उनका मानना है कि एक आदिवासी महिला को सर्वोच्च स्थान मिल सकता है। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी जी दिया है। ये है भारत के लोकतंत्र की ताकत! जय हिन्द!

बीजेपी नेता नारायण राणे ने ट्वीट कर लिखा कि श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का देश के शीर्ष पद के लिए चुनाव वंचितों की आवाज को सशक्त करेगा। फलदायी और सफल कार्यकाल पर शुभकामनाएँ।

शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने द्रौपती मुर्मू को बधाई देते हुए कहा कि श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को भारत के माननीय राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर बधाई। देश की राष्ट्रपति बनने वाली दूसरी महिला और आदिवासी समुदाय से पहली महिला, निश्चित रूप से हमारे लिए गर्व की बात है।

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने बधाई देते हुए कहा कि द्रौपदी मुर्मू जी को भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर बधाई। हम आशा करते हैं कि देश के राष्ट्रपति के रूप में रहते हुए आप सदैव निष्पक्षता के साथ देशहित में निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।

बीजेपी नेता विनोद तावड़े ने द्रौपती मुर्मू को बधाई देते हुए कहा कि यह गौरवमयी ऐतिहासिक क्षण सामाजिक न्याय व परिवर्तन की अवधारणा को हमेशा के लिए संजोने का क्षण है। आज़ादी के 75 वर्ष बाद पहली बार देश के जनजातीय समाज से श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्रपति चुने जाने पर शुभकामनाएँ। पूरा देश आपकी जीत के साथ प्रसन्नित व गौरवान्वित अनुभूत कर रहा है।

बीजेपी नेता पंकजा मुंडे ने द्रौपती मुर्मू को बधाई देते हुए कहा कि भारत देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर निर्वाचित होने पर राष्ट्रपती महामहिम द्रौपदी मुर्मू जी को बहोत बहोत बधाई और शुभकामनाएं।

शिवसेना नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्वीट कर कहा कि भारत के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति माननीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को बधाई! आपके नेतृत्व में देश का विकास होगा...!

इन नेताओं के अलावा भी देश की 15 वीं राष्ट्रपति को बधाई और शुभकामना संदेश देने का सिलसिला लगातार जारी है। एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को आधिकारिक तौर पर विजेता घोषित कर दिया गया है। रिटर्निंग ऑफिसर और राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने विजेता का एलान किया। बता दें कि कुल वोट 4754 पड़े जिसमें से एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को 2824 वोट मिले जिनका मूल्य 676803 है।