
Saif Ali Khan News: मुंबई में गुरुवार तड़के अभिनेता सैफ अली खान और उनकी पत्नी करीना कपूर खान के बांद्रा (पश्चिम) स्थित घर में घुसे चोर ने सैफ को चाकू मारकर घायल कर दिया। उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। कथित तौर पर चोर ने सैफ पर कई बार चाकू से हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मुंबई पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश कर रही हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सैफ अली खान को लीलावती अस्पताल में आज तड़के करीब साढ़े तीन बजे घायल अवस्था में लाया गया था। डॉक्टरों की शुरुआती जांच में अभिनेता के शरीर पर 6 घाव मिले हैं। जिनमें से 2 घाव गहरे बताये जा रहे हैं। वहीँ, एक जख्म उनके स्पाइन के पास है। फ़िलहाल उनकी सर्जरी चल रही है।
मुंबई पुलिस के डीसीपी (जोन 9) दीक्षित गेदाम ने बताया कि सैफ अली खान के घर में एक अज्ञात व्यक्ति घुसा, जिससे अभिनेता की हाथापाई हुई। घायल सैफ का इलाज जारी है। मामले की जांच चल रही है।
वहीँ, अभिनेता सैफ अली खान की टीम ने मुंबई में उनके घर पर हुए हमले को लेकर बयान जारी किया है। अधिकारिक बयान में कहा गया है कि सैफ अली खान के घर पर चोरी की कोशिश की गई। वह इस समय अस्पताल में भर्ती है और उनकी सर्जरी चल रही हैं। यह पुलिस का मामला है।
एनसीपी (शरद पवार) सांसद सुप्रिया सुले ने इस घटना पर प्रतिक्रिया दी है। लोकसभा सांसद सुले ने कहा, मुंबई में सिक्यूरिटी वाले घर में ऐसी जानलेवा घटनाएं हो रही हैं तो शहर में आम लोग कितने सुरक्षित हैं।
Updated on:
16 Jan 2025 09:30 am
Published on:
16 Jan 2025 09:30 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
