मुंबई

Maharashtra: समृद्धि महामार्ग पर ट्रक में घुसी मिनी बस, 12 की मौत, 4 महीने में तीसरा भयानक हादसा

Maharashtra Aurangabad Accident: नासिक जा रही मिनी बस बीती रात छत्रपति संभाजीनगर में समृद्धि महामार्ग पर खड़े ट्रक से टकरा गयी। हादसे में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई।

2 min read
Oct 15, 2023
समृद्धि महामार्ग पर टेंपो ट्रैवलर और ट्रक की भीषण टक्कर

Samruddhi Mahamarg Accident: महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में समृद्धि महामार्ग पर आधी रात में भयानक हादसा हो गया। जिले के वैजापुर में एक मिनी बस की ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गयी। इस हादसे में 12 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 23 लोग गंभीर रूप से घायल हुए है। सभी पीड़ित बुलढाणा से सैलानी बाबा के दर्शन कर नासिक लौट रहे थे। सभी घायलों का घाटी के अस्पताल में इलाज चल रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वैजापुर के पास समृद्धि महामार्ग पर जांबरगाव टोल बूथ पर यह हादसा हुआ। तेज गति से आ रही टेंपो ट्रैवलर (मिनी बस) ने एक खड़े ट्रक को टक्कर मार दी। इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। इस हादसे में सभी यात्री नासिक जिले के पाथर्डी और इंदिरानगर के रहने वाले हैं। यह भी पढ़े-शॉर्ट स्कर्ट में उत्तेजक डांस को अश्लीलता नहीं मान सकते, बॉम्बे हाईकोर्ट ने रद्द की FIR


मृतकों में 6 महिलाएं

दुर्घटना की शिकार टेंपो ट्रैवलर में 35 यात्री सवार थे। हादसा मुंबई से करीब 350 किलोमीटर दूर वैजापुर में देर रात करीब साढ़े 12 बजे हुआ। मिनी बस के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते मिनी बस ने पीछे से कंटेनर को टक्कर मार दी। मृतकों में पांच पुरुष, छह महिलाएं और एक नाबालिग लड़की शामिल है।

आरटीओ ने रोकी थी ट्रक?

बताया जा रहा है कि समृद्धि महामार्ग पर आरटीओ अधिकारियों ने हादसे में शामिल ट्रक को रोका था। तभी पीछे से आ रही प्राइवेट मिनी बस ने ट्रक में टक्कर मार दी। मामले की जांच शुरू कर दी गयी है।

मुआवजे का ऐलान

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पीड़ितों के परिवारों को 5 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। घायलों के इलाज का खर्च सरकार उठाएगी।


4 महीने में 3 भयानक हादसे

1 जुलाई 2023 -
समृद्धि महामार्ग पर विदर्भ ट्रेवल्स की लक्जरी बस बुलढाणा जिले के सिंदखेडराजा के पास भयानक दुर्घटना का शिकार हो गई। इस हादसे में 25 लोगों की जलकर मौत हो गई थी। हादसे के वक्त बस ड्राइवर नशे में था। हादसे के वक्त ड्राइवर को झपकी आ गयी और बस महामार्ग के सुरक्षा दीवार से टकराने के बाद पलट गयी और बस में आग लग गई।

1 अगस्त 2023 - ठाणे के पास शाहपुर तालुका के सरलांबे में समृद्धि महामार्ग पर एक बड़ी दुर्घटना हुई थी, तब ब्रिज के निर्माण कार्य में शामिल गार्डर मशीन गिर गया था। इस दुर्घटना में 17 मजदूरों की मौत हो गई थी। तब भी आधी रात में ये दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी। गार्डर मशीन को जोड़ने वाली क्रेन और स्लैब कई मंजिल की ऊंचाई से मजदूरों के ऊपर गिर गई।

15 अक्टूबर 2023 - बुलढाणा से नासिक जा रही मिनी बस बीती रात छत्रपति संभाजीनगर में समृद्धि महामार्ग पर एक खड़े ट्रक से टकरा गयी। इस हादसे में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई। यह घटना वैजापुर के जांबरगाव टोल बूथ के पास हुई।

Published on:
15 Oct 2023 11:43 am
Also Read
View All

अगली खबर