19 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

महाराष्ट्र SRPF भर्ती परीक्षा रद्द, 100 में से 85 प्रश्न एक ही किताब से आने पर बड़ी कार्रवाई

SRPF Exam Cancelled: महाराष्ट्र पुलिस भर्ती प्रक्रिया को लेकर एक बहुत बड़ी खबर सामने आई है। स्टेट रिजर्व पुलिस फोर्स (SRPF) की लिखित परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। प्रश्नपत्र को लेकर उठे गंभीर विवाद के बाद प्रशासन ने यह बड़ा फैसला लिया है।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

May 19, 2026

Maharashtra SRPF Exam Cancelled

महाराष्ट्र पुलिस भर्ती परीक्षा आखिरकार रद्द (Photo: IANS)

महाराष्ट्र में पुलिस भर्ती प्रक्रिया को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) ग्रुप नंबर 5, दौंड के तहत आयोजित सशस्त्र पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा को आखिरकार रद्द कर दिया गया है। दरअसल परीक्षा में पूछे गए 100 में से 85 सवाल एक निजी प्रकाशन की प्रैक्टिस बुक से हूबहू लिए जाने के आरोप के बाद प्रशासन ने यह बड़ा फैसला लिया है। अब लिखित परीक्षा 24 मई को दोबारा आयोजित की जा सकती है।

विवाद के बाद परीक्षा रद्द

पूरे मामले के सामने आने के बाद भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठे थे। इसके बाद प्रशासन ने पहले भर्ती प्रक्रिया को स्थगित किया और अब आधिकारिक रूप से परीक्षा रद्द कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, 2 मई को आयोजित हुई लिखित परीक्षा को लेकर आरोप लगा था कि प्रश्नपत्र में पूछे गए अधिकांश सवाल एक निजी प्रकाशक की पुलिस भर्ती अभ्यास पुस्तिका से लिए गए थे। दावा किया गया कि 100 में से 85 प्रश्न सीधे उसी पुस्तक से कॉपी किए गए थे।

मामला सामने आने के बाद अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी देखने को मिली। उम्मीदवारों ने भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए। विपक्षी दलों ने भी इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

पुलिस उपमहानिरीक्षक ने दिए जांच के आदेश

मामला उजागर होने के बाद महाराष्ट्र राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) के पुलिस उपमहानिरीक्षक ने 4 मई को गहन जांच के आदेश दिए थे। जांच पूरी होने तक भर्ती प्रक्रिया रोक दी गई थी। अब अपर पुलिस महासंचालक ने संबंधित परीक्षा को रद्द करने का निर्देश दिया है। इसके चलते सभी उम्मीदवारों को दोबारा परीक्षा देनी होगी।

एसआरपीएफ प्रशासन ने कहा कि प्रश्न पत्र से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला ऐसे वक्त सामने आया है, जब देशभर में नीट-यूजी 2026 परीक्षा विवाद को लेकर पहले ही माहौल गरमाया हुआ है। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का पेपर लीक होने के बाद परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी, जिससे 20 लाख से अधिक छात्र और उनके अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। इस पूरे मामले की जांच फिलहाल सीबीआई के हाथों में है। केंद्रीय जांच एजेंसी अब तक दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिल्यानगर समेत कई शहरों से 10 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।