
बचाने आए लोगों पर भी सांडों ने किया जानलेवा हमला
महाराष्ट्र के नासिक जिले (Nashik News) के मालेगांव से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां आवारा सांडों के हमले में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना सोमवार (23 जून) सुबह कलवण के शिवाजीनगर इलाके में ओल्ड ओटूर रोड पर हुई।
मृतक की पहचान 85 वर्षीय भालचंद्र मालपुरे के रूप में हुई है, जो किसी काम से घटनास्थल पर बाइक से एक परिचित के साथ पहुंचे थे। तभी अचानक दो उग्र सांडों ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह जमीन पर पटक दिया। आसपास मौजूद लोगों ने लाठियों, पत्थरों से सांडों को भगाने की कोशिश की, लेकिन वे बेकाबू होकर हमला करते रहे।
इस बीच मालपुरे को बचाने के लिए दौड़े आबा मोरे पर भी सांडों ने हमला कर दिया। वे घायल हो गए। मालपुरे बाइक पर पीछे बैठे हुए थे। कलवण सहकारी बैंक के सामने जैसे ही बाइक रुकी और वह उतरे तो वहां मौजूद दो सांडों ने मालपुरे को टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े। वे संभलने की कोशिश कर ही रहे थे कि गायों ने उन्हें पैरों तले रौंद डाला। हमले में गंभीर रूप से घायल मालपुरे को उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इस मामले की शिकायत कलवण पुलिस थाने में दर्ज की गई है। यह पूरी घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें देखा जा सकता है कि किस तरह से लोग मालपुरे और मोरे को सांडों से बचाने की कोशिश कर रहे हैं। हमले में मालपुरे को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, मोरे का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
यह घटना एक बार फिर शहरों और कस्बों में आवारा पशुओं की समस्या को उजागर करती है, जो न केवल यातायात बल्कि आम नागरिकों की जान के लिए भी खतरा बनते जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मवेशियों को लेकर तत्काल सख्त कदम उठाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं रोकी जा सके।
Updated on:
24 Jun 2025, 9:58 PM IST
Published on:
24 Jun 2025, 9:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.