
शिवसेना (यूबीटी) नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत के बंगले की रेकी करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 9.30 बजे एक बाइक पर सवार दो व्यक्तियों ने मुंबई उपनगर के भांडुप इलाके में स्थित राउत के बंगले 'मैत्री' की रेकी की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
संजय राउत के विधायक भाई सुनील राउत के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में दोपहिया वाहन पर दो लोग कई मोबाइल फोन के साथ बंगले के बाहर रुकते नजर आ रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज से ऐसा लग रहा है कि संदिग्ध फोन से परिसर की रिकॉर्डिंग कर रहे थे और फरार हो गए। फुटेज पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है, साथ ही उद्धव गुट के वरिष्ठ नेता की सुरक्षा भी बढ़ा दी है।
शिवसेना (UBT) नेता सुनील राउत ने कहा, "यह गंभीर मामला है। संजय राउत अक्सर सरकार की आलोचना करते हैं और उनके पास पुलिस सुरक्षा भी नहीं है। सरकार को इस घटना को गंभीरता से लेना चाहिए।”
सीसीटीवी में रिकॉर्ड एक वीडियो में देखा जा सकता है कि बाइक पर सवार दो लोग बंगले की रेकी करते है और तुरंत चले जाते है। संजय राउत के सुरक्षा कर्मियों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सुरक्षा कर्मियों ने देखा कि बाइक पर सवार दो लोग बंगले के आसपास चक्कर लगा रहे थे। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दो लोग बाइक रोक कर खड़े हैं। थोड़ी देर बाद वह यू-टर्न लेकर चले जाते हैं। दो में से एक शख्स ने हेलमेट पहन रखा था। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे शख्स ने अपना चेहरा पूरी तरह से ढक रखा था।
Updated on:
20 Dec 2024 10:12 pm
Published on:
20 Dec 2024 10:09 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
